A2Z सभी खबर सभी जिले की

15वें गोवर्धन पूजा में दिखा चमत्कार: बाबा सुरेंद्र पंथी ने सूखे उपले में मंत्र शक्ति से जलाई आग,

खौलते दूध से किया स्नान, भविष्यवाणी में कहा—2026 रहेगा शुभ वर्ष

दुद्धी, सोनभद्र (राकेश कुमार कन्नौजिया)_
गुरुवार को गोवर्धन पूजा समिति के तत्वावधान में दुद्धी में 15वां गोवर्धन पूजा महोत्सव बड़े ही श्रद्धा और उल्लास के साथ संपन्न हुआ। कार्यक्रम में सबसे बड़ा आकर्षण रहे गाजीपुर के चमत्कारी बाबा सुरेंद्र पंथी, जिन्होंने मंत्र शक्ति के बल पर सूखे उपलों में अग्नि प्रज्वलित कर सभी को आश्चर्यचकित कर दिया। इसके बाद उन्होंने उसी अग्नि पर दूध गर्म कर खीर बनाई और फिर खौलते दूध से स्नान करते हुए वर्ष 2026 को लोगों के लिए अनुकूल और शुभ बताया। बाबा ने कहा कि आने वाले वर्ष में अच्छी वर्षा होगी और जीवन में सकारात्मक परिवर्तन आएंगे।

श्रद्धालुओं के अनुसार बाबा में अद्भुत चमत्कारी शक्ति है। मान्यता के अनुसार, जब पुजारी और यजमान खौलते दूध से स्नान करते हैं, तभी समाज का कल्याण होता है। बाबा सुरेंद्र पंथी का दावा है कि खौलते दूध से वही जलता है जो छल-कपट से भरा होता है, अन्यथा दूध शरीर पर पड़ते ही ठंडा हो जाता है। बाबा ने इसे सिद्ध कर दिखाया और यजमानों को भी गर्म दूध से स्नान कराया, जिससे उपस्थित लोगों के रोंगटे खड़े हो गए।

बाबा ने कहा कि गोवर्धन पूजा प्रकृति और विनम्रता की आराधना है, जिसे भगवान श्रीकृष्ण ने इंद्र के अहंकार को तोड़ने के लिए प्रारंभ किया था। उन्होंने बताया कि यह पूजा प्रकृति को संतुलित करने और मानवता के कल्याण का प्रतीक है। पूजा का संचालन पंडित शिवपूजन मिश्र द्वारा मंत्रोच्चार के बीच सम्पन्न कराया गया।

मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे उत्तर प्रदेश विधान परिषद के नेता विपक्ष एवं वाराणसी शिक्षक एमएलसी लाल बिहारी यादव ने अपने उद्बोधन में कहा कि गोवर्धन पूजा से हमें प्रकृति पूजा और अहंकार त्याग का संदेश मिलता है। उन्होंने कहा कि प्राकृतिक पूजा से पर्यावरण शुद्ध होता है, वहीं वर्तमान सरकार के अहंकार की भी आलोचना करते हुए कहा कि “अहंकारी शासन का अंत निश्चित है।”

विशिष्ट अतिथि जिलाध्यक्ष रामनिहोर यादव ने कहा कि यह पूजा सामाजिक और प्राकृतिक समरसता का प्रतीक है। उन्होंने समाज से अपील की कि “आधी रोटी खाओ पर बच्चों को जरूर पढ़ाओ,” ताकि समाज प्रगति के पथ पर आगे बढ़े।

इस अवसर पर गोवर्धन पूजा समिति ने जिले में टॉप करने वाले छात्र को मुख्य अतिथि द्वारा प्रशस्ति पत्र और ₹2100 नगद देकर सम्मानित किया।

कार्यक्रम की शुरुआत भव्य कलश यात्रा से हुई, जिसमें महिलाओं और युवतियों ने प्राचीन शिवाजी तालाब से जल लेकर पूजा स्थल तक शोभायात्रा निकाली।

कार्यक्रम में अखिल भारतवर्षीय यादव महासभा और जशोदानंदन यादव सेवा समिति की भी महत्वपूर्ण भूमिका रही।

कार्यक्रम की अध्यक्षता जगदीश यादव ने की, जबकि संचालन वरिष्ठ अधिवक्ता सत्यनारायण यादव ने किया।

इस अवसर पर प्रमुख रूप से उपस्थित रहे —
अवधनारायण यादव (पूजा समिति अध्यक्ष), दिनेश यादव (पूर्व प्रधान संघ अध्यक्ष), प्रेमचंद यादव (दुद्धी बार एसोसिएशन), प्रभु सिंह कुशवाहा (सिविल बार अध्यक्ष), कुलभूषण पाण्डेय (पूर्व अध्यक्ष), रामेश्वर राय, हरिशंकर यादव, बुद्धिनारायण यादव, यदुनाथ यादव, नकछेदी यादव, सरजू यादव, रामपाल जौहरी, त्रिभुवन यादव, जगतनारायण यादव, अभिनाथ यादव, अशोक कुमार गुप्ता सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।

कार्यक्रम की सुरक्षा व्यवस्था में कोतवाली प्रभारी स्वतंत्र कुमार सिंह, एसआई श्यामजी यादव व पुलिस बल सतर्क रहे।

 

 

 

 

Back to top button
error: Content is protected !!