फ़िरोज़ाबाद
मेडिकल कॉलेज में अव्यवस्थाओं को लेकर पूर्व एमएलसी ने सीएमएस को सौंपा ज्ञापन
फिरोजाबाद के मेडिकल कॉलेज स्थित जिला अस्पताल में समाजवादी पार्टी के पूर्व एमएलसी ने मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. नवी जैन को एक ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में बताया गया कि मेडिकल कॉलेज में जनपद के विभिन्न क्षेत्रों से बड़ी संख्या में मरीज इलाज के लिए आते हैं, लेकिन पैथोलॉजी सहित अन्य जांचों में अव्यवस्था के कारण मरीजों को सही रिपोर्ट नहीं मिल पा रही है।पूर्व एमएलसी ने कहा कि मेडिकल कॉलेज में लगी पैथोलॉजी मशीनों की समय से सफाई एवं मेंटेनेंस न होने की वजह से रिपोर्ट सही नहीं आ रही हैं। साथ ही मरीजों को बाहर निजी लैब में जांच करवानी पड़ रही है, जहां रिपोर्ट में अंतर आ जाता है, जिससे उपचार प्रभावित होता है। उन्होंने कहा कि अल्ट्रासाउंड, सीटी स्कैन और एक्स-रे मशीनों में भी तकनीकी दिक्कतें हैं, जिनके कारण मरीजों को घंटों इंतजार करना पड़ता है। यह स्थिति चिंताजनक है और मरीजों के स्वास्थ्य के लिए बड़ी बाधा बन रही है। पूर्व एमएलसी ने मांग की कि मेडिकल कॉलेज प्रशासन तत्काल पैथोलॉजी मशीनों व अन्य जांच मशीनों का मेंटेनेंस कराए, ताकि मरीजों को सही समय पर सही रिपोर्ट और बेहतर इलाज मिल सके। सीएमएस ने ज्ञापन प्राप्त कर समस्या के निराकरण का आश्वासन दिया।












