सादाबाद। स्थानीय सादाबाद इंटर कॉलेज में विशेष संचारी रोग नियंत्रण एवं दस्तक अभियान के तहत दिमागी बुखार एवं संचारी रोगों पर वाद-विवाद प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता का विषय था- दिमागी बुखार एवं अन्य वेक्टर जनित तथा जलजनित रोगों से बचाव, रोकथाम एवं उपचार। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों में स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाना एवं संचारी रोगों की रोकथाम हेतु जनजागरूकता का प्रसार करना था। प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने अत्यंत उत्साह एवं जोश के साथ भाग लिया। अपनी प्रभावशाली अभिव्यक्ति और तर्कपूर्ण विचारों के आधार पर टीम B ने प्रथम स्थान तथा टीम A ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया। प्रधानाचार्य राजेश कुमार ने कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए अपने संबोधन में कहा कि संचारी रोगों की रोकथाम के लिए स्वच्छता, साफ पानी का उपयोग और मच्छरों से बचाव के उपायों को अपनाना अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने विद्यार्थियों को जागरूक नागरिक बनकर समाज में रोगों की रोकथाम हेतु संदेश प्रसारित करने का आह्वान किया। इस अवसर पर विद्यालय के संचारी रोग प्रभारी धर्मवीर सिंह, कु. शिखा शर्मा, मेवाराम, मु. शादाब, संजय पाल, कपिल गुप्ता, नाजिया हिना, राहुल सिंह राठौर, निकेश तिवारी, दिनेश शर्मा, मु. अख़लाक़, अख्तर हसन, आरिफ़ खां, एवं शमीम खां सहित सभी शिक्षकगण उपस्थित रहे।