
राजस्थान सहित 12 राज्यों में विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम 2026 (Special Intensive Revision – SIR 2026) की शुरुआत 4 नवंबर 2025 से होने जा रही है, जो 4 दिसंबर 2025 तक चलेगा। इस दौरान राज्य के सभी बीएलओ (BLO) घर-घर जाकर मतदाताओं से संपर्क करेंगे और गणना प्रपत्र भरवाएंगे। मतदाताओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए इस बार एसआईआर का फार्म भरना और भी आसान बनाया गया है। बीएलओ प्रत्येक मतदाता से दो प्रतियों में गणना प्रपत्र भरवाएंगे, जिनमें से एक प्रति रसीद के रूप में मतदाता के पास रहेगी, जबकि दूसरी प्रति निर्वाचन कार्यालय में जमा की जाएगी। यह चरण अत्यंत महत्वपूर्ण माना जा रहा है, क्योंकि इसके माध्यम से मतदाता सूची को अद्यतन किया जाएगा, नए मतदाताओं का नाम जोड़ा जाएगा तथा मृत या स्थानांतरित मतदाताओं के नाम हटाए जाएंगे। मुख्य निर्वाचन अधिकारी, राजस्थान श्री नवीन महाजन ने बताया कि 4 नवंबर से 4 दिसंबर तक चलने वाले इस सर्वेक्षण कार्य के दौरान बीएलओ प्रत्येक घर तक पहुंचेंगे ताकि कोई भी पात्र नागरिक मतदाता सूची से वंचित न रह जाए।










