
दिल्ली ब्लास्ट के बाद कुशीनगर में हाई अलर्ट

पुलिस ने सीएम योगी के निर्देश पर चलाया सघन चेकिंग अभियान

हाटा कुशीनगर , दिल्ली में हुए विस्फोट के बाद उत्तर प्रदेश में हाई अलर्ट जारी कर दिया गया है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देश पर कुशीनगर पुलिस ने जिले भर में सघन चेकिंग अभियान चलाया। यह अभियान मुख्य रूप से पडरौना रेलवे स्टेशन, बस स्टेशन, शॉपिंग मॉल और अन्य भीड़भाड़ वाले सार्वजनिक स्थानों पर केंद्रित रहा। पुलिस ने इन क्षेत्रों में गहन जांच की। अभियान के दौरान संदिग्ध व्यक्तियों, वाहनों और सामानों की बारीकी से तलाशी ली गई। जिले के बिहार से सटे सीमावर्ती क्षेत्रों, शहर, बुद्ध स्थल कुशीनगर और अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर भी पुलिस सक्रिय रही। देर रात तक सीमा से गुजरने वाले संदिग्ध वाहनों की चेकिंग की गई, जिसकी निगरानी संबंधित सर्किल के सीओ स्वयं कर रहे थे। पडरौना शहर के गांधी चौक, कठकुईया मोड़, छावनी और रामकोला रोड पर भी पुलिस गश्त करती दिखी। मंगलवार को बिहार प्रांत के पश्चिमी चंपारण जिले में दूसरे चरण का चुनाव होने के कारण सोमवार शाम को ही बिहार पुलिस ने सीमा सील कर दी थी। कुशीनगर के खड्डा, हनुमानगंज और पडरौना कोतवाली क्षेत्र पश्चिमी चंपारण जिले से जुड़े हैं। पुलिस ने आमजन से अपील की है कि किसी भी संदिग्ध वस्तु या व्यक्ति की सूचना तत्काल पुलिस को दें। जनपद में अपराधों पर अंकुश लगाने और आमजन की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए इस प्रकार के चेकिंग अभियान निरंतर जारी रहेंगे। दिल्ली के लालकिला मेट्रो स्टेशन के पास 10 नवंबर को हुए ब्लास्ट में अब तक 9 लोगों की मौत हो चुकी है और 24 लोग घायल हैं।













