A2Z सभी खबर सभी जिले कीअन्य खबरेधनबाद

धनबादः किन्नर समाज के दो गुटों में सीमा विवाद, एसडीओ ने की बैठक

*धनबाद :* धनबाद में किन्नर समाज के दो प्रमुख गुट छमछम किन्नर व सुनैना किन्नर के बीच पिछले कई दिनों से सीमा विवाद चल रहा है. इस मुद्दे पर एसडीओ राजेश कुमार की अध्यक्षता में शनिवार को महत्वपूर्ण बैठक हुई. बैठक में धनबाद सीओ, बैंक मोड़ व धनसार थाना प्रभारी उपस्थित रहे.

दोनों गुटों के प्रतिनिधियों से विस्तृत चर्चा के बाद प्रशासन ने 2021 में तत्कालीन एसडीओ द्वारा निर्धारित की गई सीमाओं को यथावत मानने का निर्णय लिया. प्रशासन ने स्पष्ट निर्देश दिया कि दोनों गुट चंदा लेने व बधाई मांगने का काम निर्धारित सीमाओं के भीतर ही करेंगे. सीमा उल्लंघन की स्थिति में संबंधित गुट पर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी.

एसडीओ राजेश कुमार ने बताया कि मनाईटांड़ और कतरास क्षेत्र से जुड़ा विवाद फिलहाल एक महीने के लिए स्थगित कर दिया गया है. इस दौरान किन्नर समाज के पंचों को बुलाकर दोनों गुटों के बीच सहमति बनाने का प्रयास किया जाएगा. इसके बाद अगले चरण की बैठक होगी. वहीं, सुनैना किन्नर गुट ने कहा कि वे पूर्व में जिला प्रशासन द्वारा लिए गए फैसले को मानते हैं, लेकिन आज के निर्णय से पूरी तरह संतुष्ट नहीं हैं.

छमछम किन्नर गुट ने प्रशासनिक निर्णय को स्वीकार करते हुए कहा कि एसडीओ का कथन उचित है. गुट ने बताया कि मनाईटांड़ क्षेत्र में छमछम गुट बधाई मांगने जाएगा, जबकि कतरास क्षेत्र में राधा किन्नर की टीम जाएगी. दोनों गुट पंचों की उपस्थिति में विवाद के स्थायी समाधान पर सहमत हैं.

Back to top button
error: Content is protected !!