विश्व मृदा दिवस के अवसर पर शुक्रवार को महाराजगंज में आयोजित किसान गोष्ठी में सदर विधायक जय मंगल कन्नौजिया ने किसानों को संबोधित करते हुए मृदा स्वास्थ्य संरक्षण के महत्व पर विस्तृत प्रकाश डाला।
महाराजगंज5 दिसंबर। विश्व मृदा दिवस के अवसर पर शुक्रवार को महाराजगंज में आयोजित किसान गोष्ठी में सदर विधायक जय मंगल कन्नौजिया ने किसानों को संबोधित करते हुए मृदा स्वास्थ्य संरक्षण के महत्व पर विस्तृत प्रकाश डाला। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में किसानों की उपस्थिति रही, जहां कृषि विभाग द्वारा मृदा परीक्षण, उर्वरक संतुलन और आधुनिक खेती की तकनीकों पर विशेषज्ञों ने जानकारी साझा की। गोष्ठी को संबोधित करते हुए विधायक जय मंगल कन्नौजिया ने कहा कि मृदा राष्ट्र की समृद्धि का आधार है और इसके संरक्षण में किसानों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने बताया कि प्रदेश सरकार किसानों की आमदनी बढ़ाने और कृषि को लाभकारी बनाने की दिशा में लगातार प्रयासरत है। मृदा स्वास्थ्य कार्ड योजना, जैविक खाद को बढ़ावा और उन्नत तकनीक आधारित खेती से आज किसान बेहतर उत्पादन प्राप्त कर रहे हैं। विधायक ने किसानों से अपील की कि वे बिना परीक्षण के अंधाधुंध रासायनिक खादों का प्रयोग न करें, क्योंकि इससे भूमि की उर्वरता कम होती है और लागत भी बढ़ती है। उन्होंने कहा कि मृदा परीक्षण से किसानों को अपनी जमीन की वास्तविक जरूरतों की जानकारी मिलती है, जिससे वे सही खाद और उर्वरक का चयन कर अधिक उपज प्राप्त कर सकते हैं।
कार्यक्रम के दौरान विधायक जय मंगल कन्नौजिया ने उपस्थित किसानों को उन्नत किस्म के बीज और कीटनाशक वितरित किए। इस अवसर पर प्रमुख प्रतिनिधि इंजी विवेक गुप्ता ने कहा कि सरकार का उद्देश्य किसानों को समय पर गुणवत्तापूर्ण बीज उपलब्ध कराना है, जिससे रबी और खरीफ सीजन में बेहतर उत्पादन सुनिश्चित हो सके। विधायक ने बताया कि कृषि विभाग द्वारा गांव-गांव चलाए जा रहे जागरूकता अभियान से किसानों को काफी लाभ मिल रहा है।
गोष्ठी में कृषि वैज्ञानिकों ने मिट्टी की संरचना, कार्बनिक पदार्थों की कमी, फसल चक्र और प्राकृतिक खेती के लाभों पर विस्तृत चर्चा की। कृषि विशेषज्ञों ने कहा कि यदि किसान मृदा की देखभाल वैज्ञानिक ढंग से करें तो उत्पादन में उल्लेखनीय वृद्धि संभव है। सभा में केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री पंकज चौधरी जी के प्रतिनिधि जगदीश मिश्रा, पूर्व जिला उपाध्यक्ष सानंदन पटेल उप कृषि निदेशक संजीव कुमार, केंद्र प्रभारी संजय पटेल, राकेश अग्रहरी,हेमंत श्रीवास्तव , तकनीकी सहायक सहित कई जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।