A2Z सभी खबर सभी जिले की

Sonbhadra news:विंढमगंज में टिप्पर–बाइक की भीषण टक्कर, 9वीं का छात्र गंभीर रूप से घायल

IMG 20251227 WA0056
विंढमगंज, सोनभद्र (राकेश कुमार कन्नौजिया)।
विंढमगंज थाना क्षेत्र के अंतर्गत सलैयाडिह ग्राम पंचायत स्थित सितामोड चौराहे के समीप शनिवार को एक टिप्पर और मोटरसाइकिल के बीच हुई जोरदार टक्कर में बाइक सवार किशोर गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल की पहचान रेहान अंसारी (उम्र लगभग 17 वर्ष), पुत्र सलीम अंसारी, निवासी ग्राम बुटवेढ़वा के रूप में हुई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार रेहान अंसारी शनिवार सुबह लगभग 11 बजे घर से स्कूल जाने की बात कहकर बाइक से निकला था। इसी दौरान किसी कार्यवश हरनाकछार ग्राम पंचायत की ओर से लौटते समय सलैयाडिह ग्राम पंचायत के सीतामोड चौराहे से कुछ ही दूरी पर झारखंड की ओर जा रहे एक टिप्पर से उसकी बाइक की जोरदार भिड़ंत हो गई।
हादसे के बाद मौके पर पहुंचे स्थानीय लोगों ने घायल किशोर को तत्काल प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां तैनात चिकित्सक सत्येंद्र प्रसाद ने प्राथमिक उपचार के बाद उसकी हालत गंभीर देखते हुए ट्रामा सेंटर रेफर कर दिया। दुर्घटना की सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया और उनका रो-रोकर बुरा हाल है।
सूचना पर पहुंची स्थानीय पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त टिप्पर को अपने कब्जे में लेकर थाने भेज दिया है। वहीं पुलिस घायल के परिजनों द्वारा दिए जाने वाले प्रार्थना पत्र के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई करने की बात कह रही है।

Back to top button
error: Content is protected !!