
दरभंगा, 30 दिसम्बर 2025।
बढ़ती ठंड और शीतलहर के प्रकोप को देखते हुए दरभंगा जिला प्रशासन ने गरीब और जरूरतमंद लोगों को राहत पहुंचाने के लिए व्यापक कदम उठाए हैं। जिला पदाधिकारी श्री कौशल कुमार के मार्गदर्शन में जिला सामाजिक सुरक्षा कोषांग द्वारा जिलेभर में कंबल वितरण अभियान तेज कर दिया गया है।
सहायक निदेशक, सामाजिक सुरक्षा कोषांग, दरभंगा शशि कुमार ने बताया कि विभाग द्वारा निविदा प्रक्रिया पूरी कर कुल 5,171 कंबलों की खरीद की गई है। इन कंबलों को जिले के विभिन्न अनुमंडलों और प्रखंडों में जरूरतमंदों के बीच वितरण के लिए आवंटित कर दिया गया है। सामाजिक सुरक्षा कोषांग को स्वयं 1,601 कंबल उपलब्ध कराए गए हैं।
इसके अलावा सदर, बेनीपुर और बिरौल अनुमंडल को 120-120 कंबल दिए गए हैं। सदर, केवटी, बहेड़ी और मनीगाछी प्रखंडों को 240-240 कंबल, जबकि हायाघाट, हनुमाननगर, सिंहवाड़ा, जाले, तारडीह और बेनीपुर प्रखंडों को 180-180 कंबल आवंटित किए गए हैं। अलीनगर, घनश्यामपुर, कुशेश्वरस्थान और गौड़ाबौराम को 150-150 कंबल, वहीं बिरौल और कुशेश्वरस्थान पूर्वी को 120-120 कंबल उपलब्ध कराए गए हैं। किरतपुर प्रखंड को 90 कंबल दिए गए हैं।
29 दिसंबर को समाज कल्याण विभाग के माननीय मंत्री श्री मदन सहनी ने दरभंगा के विभिन्न इलाकों का भ्रमण कर लगभग 800 जरूरतमंदों के बीच कंबल वितरित किए। लहेरियासराय स्थित शनि मंदिर, कुष्ठ कॉलोनी, एकभिंडा और रहमगंज सहित कई स्थानों पर मंत्री ने स्वयं लोगों को कंबल सौंपे।
इसी क्रम में 30 दिसंबर को लहेरियासराय स्थित स्थानीय प्रेक्षागृह में आयोजित कार्यक्रम में लगभग 150 दिव्यांगजनों के बीच कंबल वितरित किए गए। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि ठंड के इस मौसम में कोई भी जरूरतमंद राहत से वंचित न रहे, इसके लिए निरंतर निगरानी और वितरण की व्यवस्था की जा रही है।







