बिहारदरभंगा

दरभंगा में राजस्व कार्यों की समीक्षा, लंबित मामलों के त्वरित निष्पादन के निर्देश

दरभंगा में जिलाधिकारी कौशल कुमार ने हनुमाननगर और केवटी अंचल के राजस्व कार्यों और समाज कल्याण योजनाओं की समीक्षा की।

दरभंगा, 30 दिसम्बर 2025।
समाहरणालय स्थित बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर सभागार में जिलाधिकारी दरभंगा श्री कौशल कुमार की अध्यक्षता में हनुमाननगर एवं केवटी अंचल के अंतर्गत संचालित राजस्व कार्यों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में अंचल से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण राजस्व मामलों की विस्तार से समीक्षा की गई।

समीक्षा के दौरान दाखिल-खारिज, परिमार्जन, भूमि मापी, अभियान बसेरा, आधार सीडिंग एवं राजस्व वसूली जैसे बिंदुओं पर गहन चर्चा हुई। जिलाधिकारी ने कार्यों की प्रगति की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने अंचलाधिकारी हनुमाननगर एवं केवटी को निर्देश दिया कि सभी लंबित आवेदनों का शीघ्र एवं गुणवत्तापूर्ण निष्पादन सुनिश्चित किया जाए, ताकि आम नागरिकों को समयबद्ध सेवाएं मिल सकें।

जिलाधिकारी ने रिवर्ट किए गए आवेदनों के सत्यापन पर विशेष जोर देते हुए कहा कि अनावश्यक रूप से रैयतों के आवेदन रिवर्ट नहीं किए जाएं और आवेदन कम से कम अस्वीकृत हों, यह सुनिश्चित किया जाए। राजस्व वसूली की समीक्षा करते हुए उन्होंने बड़े बकायेदारों की पहचान कर नोटिस जारी करने तथा नियमानुसार कार्रवाई के निर्देश दिए। साथ ही लगान वसूली के लिए कैंप लगाने का भी निर्देश राजस्व कर्मचारियों को दिया गया।

बैठक में समाज कल्याण विभाग की योजनाओं की भी समीक्षा की गई, जिसमें बैटरी चालित मोटर ट्राईसाइकिल योजना एवं सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजनाएं प्रमुख रहीं। जिलाधिकारी ने पात्र लाभुकों को योजनाओं का लाभ दिलाने हेतु प्रखंड स्तर पर विशेष शिविर आयोजित करने के निर्देश दिए।

बैठक में सहायक समाहर्ता सह अंचलाधिकारी हनुमाननगर परीक्षित, अपर समाहर्ता (राजस्व) मनोज कुमार, उप निदेशक जनसंपर्क सत्येंद्र प्रसाद, डीसीएलआर सदर संजीत कुमार सहित अन्य संबंधित पदाधिकारी उपस्थित थे।

Sitesh Choudhary

चढ़ते हुए सूरज की परस्तिश नहीं करता, लेकिन, गिरती हुई दीवारों का हमदर्द हूँ।
Back to top button
error: Content is protected !!