

निवाड़ी। कलेक्टर श्रीमती जमुना भिडे की अध्यक्षता में आज कलेक्ट्रेट सभागार में समय-सीमा (टीएल) बैठक आयोजित की गई। बैठक में कलेक्टर ने जिले के विभिन्न विभागों की प्रगति, सीएम हेल्पलाइन की लंबित शिकायतों तथा शासन की प्राथमिक योजनाओं की विस्तार से समीक्षा की।कलेक्टर श्रीमती भिडे ने सीएम हेल्पलाइन की 50 दिवस से अधिक लंबित शिकायतों की विभागवार एवं अधिकारीवार समीक्षा करते हुए निर्देश दिए कि सभी शिकायतों का संतुष्टिपूर्ण एवं गुणवत्तापूर्ण निराकरण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने टीएल रिपोर्ट की समीक्षा कर अधिकारियों को निर्देशित किया कि भविष्य में शिकायतों को लंबित न रखा जाए।
उन्होंने विगत दिशा बैठक के पालन प्रतिवेदन की भी विस्तार से समीक्षा की और समस्त अधिकारियों को आगामी दिशा बैठक में अनिवार्य रूप से उपस्थित रहने के निर्देश दिए। साथ ही मुख्यमंत्री, प्रभारी मंत्री, सांसद, विधायक एवं अन्य जनप्रतिनिधियों से संबंधित प्रकरणों के पालन प्रतिवेदन समय-सीमा में प्रेषित करने के निर्देश दिए।
बैठक में कलेक्टर ने बंद माइनिंग खदानों में पौधारोपण कार्य सुनिश्चित करने, जिले की सभी शासकीय संस्थाओं के गुणवत्तापूर्ण क्रियान्वयन एवं व्यवस्थाओं को सुदृढ़ करने के लिए नियमित निरीक्षण करने के निर्देश दिए। उन्होंने नगरीय एवं ग्रामीण क्षेत्रों में प्रदाय किए जा रहे पेयजल की नियमित गुणवत्ता जांच कराने, चंदेलकालीन एवं बुंदेलकालीन तालाबों के क्षेत्र का चिन्हांकन करने तथा आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं को प्रशिक्षण प्रदान करने के निर्देश दिए।
कलेक्टर ने निर्देश दिए कि सभी अधिकारी अपने-अपने कार्यालयों में जिले के विकास कार्यों एवं विभागीय उपलब्धियों के चित्र प्रदर्शित करें।
बैठक के दौरान कलेक्टर ने अनुकंपा नियुक्ति के प्रकरणों में त्वरित एवं संवेदनशील कार्यवाही करने के निर्देश दिए। पशुपालन एवं डेयरी विभाग, जिला निवाड़ी में कार्यरत स्वर्गीय श्री अनिल कुमार शर्मा के निधन के उपरांत उनके पुत्र श्री अभिषेक शर्मा को सहायक वर्ग-3 (अनारक्षित वर्ग) के रिक्त पद पर कार्यालय उपसंचालक सामाजिक न्याय एवं दिव्यांगजन सशक्तिकरण विभाग, जिला निवाड़ी में अनुकंपा नियुक्ति पत्र प्रदान किया गया। नियुक्ति पत्र टीएल बैठक के दौरान कलेक्टर श्रीमती जमुना भिडे द्वारा प्रदान किया गया।
इस अवसर पर कलेक्टर ने अन्य विभागों के अधिकारियों को भी अनुकंपा नियुक्ति से संबंधित प्रकरणों में तत्काल एवं समयबद्ध कार्यवाही सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
बैठक में सीईओ जिला पंचायत रोहन सक्सेना, एसडीएम सुश्री मनीषा जैन, अशोक कुमार सेन, डिप्टी कलेक्टर सुश्री विनीता जैन, सुश्री स्वाति सिंह सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
















