A2Z सभी खबर सभी जिले की

किसान, महिला, युवा एवं स्वरोजगार को बढ़ावा देना सरकार का मुख्य उद्देश्य /डॉ प्रेम

प्रेस विज्ञप्ति
गया, दिनांक – 08 जनवरी 2026

किसान,महिला,युवा एवं स्वरोजगार को बढ़ावा देना सरकार का मुख्य उद्देश्य: डॉ प्रेम।

अध्यक्ष बिहार विधानसभा डॉ. प्रेम कुमार ने गुरुवार को गया जी स्थित समाहरणालय सभागार में आयोजित विभिन्न विभागों की समीक्षा बैठक में भाग लिया। बैठक के दौरान कृषि, वन, नगर निगम, पशुपालन, जीविका, उद्योग सहित अन्य विभागों की योजनाओं एवं प्रगति की विस्तार से समीक्षा की गई।

कृषि विभाग की समीक्षा के क्रम में जिला कृषि पदाधिकारी ने बताया कि गया जिले में कुल 2 लाख 28 हजार हेक्टेयर कृषि भूमि है। जिले के किसानों को बिजली, बीज एवं खाद की उपलब्धता सुनिश्चित की जा रही है। पीएम किसान सम्मान निधि योजना के अंतर्गत जिले के 2 लाख 95 हजार किसानों को लाभ मिल रहा है। किसान चौपाल के माध्यम से फसलों की गुणवत्ता सुधार को लेकर किसानों को लगातार जागरूक किया जा रहा है। समीक्षा में नाइट्रोजन की भारी कमी की जानकारी दी गई, जिसमें यूरिया और डीएपी के अतिरिक्त पोटाश का पर्याप्त उपयोग नहीं हो पाने की बात सामने आई। जिले के 15 अंचलों में प्राकृतिक खेती की जा रही है। जिला परिषद कार्यालय एवं बोधगया में कृषि लैब की सुविधा उपलब्ध है, जबकि एक अन्य लैब निर्माणाधीन है। गुरारू में बेबी कॉर्न तथा बोधगया में स्वीट कॉर्न की खेती हो रही है, वहीं सब्जी उत्पादन से किसानों को सर्वाधिक लाभ हुआ है।

कृषि यंत्रीकरण योजना के तहत जिले में 7 करोड़ 58 लाख रुपये के लक्ष्य के विरुद्ध अब तक 1 करोड़ 10 लाख रुपये से अधिक की राशि से किसानों को लाभ दिया गया है। खाद की कालाबाजारी रोकने के लिए 487 दुकानों का निरीक्षण किया गया, जिसमें 17 दुकानों में अनियमितता पाई गई, जिन पर कार्रवाई की जा रही है।

वन विभाग की समीक्षा में बताया गया कि गया वन प्रमंडल में कुल सात रेंज हैं, जहां प्राकृतिक वनों का विकास, हरियाली मिशन, इको टूरिज्म सहित चार प्रमुख योजनाएं संचालित की जा रही हैं। पिछले वर्ष 5 लाख पौधारोपण किया गया। शेरघाटी एवं इमामगंज क्षेत्र में प्राकृतिक वनों के विकास का कार्य जारी है। वन विभाग के अंतर्गत 20 नर्सरी हैं, जिनमें 30 प्रजातियों के 10 लाख पौधे उपलब्ध हैं। नंगे पहाड़ों पर हरियाली बढ़ाने के लिए सीड बॉल तकनीक का भी उपयोग किया जा रहा है। डॉ. प्रेम कुमार ने पार्कों के रंग-रोगन को टिकाऊ और गुणवत्तापूर्ण ढंग से कराने का निर्देश दिया।

अफीम की अवैध खेती पर रोक को लेकर बताया गया कि वन विभाग, पुलिस एवं जिला प्रशासन की संयुक्त छह टीमें लगातार कार्रवाई कर रही हैं। नगर निगम के अधिकारियों को निर्देश दिया गया कि नगर क्षेत्र के सभी पार्कों की स्वच्छता एवं देखभाल की जिम्मेदारी स्वयं नगर निगम सुनिश्चित करे। जाम की समस्या पर उन्होंने कहा कि स्थिति में काफी सुधार आया है, इसे बनाए रखा जाए। डेल्हा–परैया रोड एवं डेल्हा–टिकारी रोड को शीघ्र वन-वे लागू करने तथा पूर्व में चिन्हित वेंडिंग जोन का पूर्ण अनुपालन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया। पार्किंग के लिए चिन्हित पांच स्थलों का स्वयं निरीक्षण करने की बात भी अध्यक्ष ने कही।

बैठक में भूमिहीन विद्यालयों एवं सहकारिता विभाग के वेजफेड के लिए भूमि उपलब्ध कराने को लेकर सभी अंचलाधिकारियों के साथ समीक्षा की गई। पशुपालन विभाग को सरकारी नियुक्तियों के लिए रोस्टर शीघ्र तैयार करने तथा समेकित बकरी एवं भेड़ विकास योजना के अंतर्गत अधिक से अधिक लाभार्थियों को जोड़ने का निर्देश दिया गया।

मुख्यमंत्री महिला रोजगार योजना के अंतर्गत जिले की 7 लाख महिलाएं जुड़ी हुई हैं, जिनमें से 6 लाख 20 हजार दीदियों के खातों में राशि हस्तांतरित की जा चुकी है। गया शहरी क्षेत्र में जीविका समूह से जुड़ने के लिए 60 हजार आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें से 7,986 महिलाओं को राशि हस्तांतरित की गई है।

उद्योग विभाग की समीक्षा में बताया गया कि सभी योग्य लाभार्थियों को योजनाओं का लाभ दिया जा रहा है। साथ ही गया जी अथवा बोधगया में क्षेत्रीय उद्यमियों के लिए एक हाट विकसित कर बिक्री स्थल उपलब्ध कराने एवं ऑनलाइन प्लेटफॉर्म पर रजिस्ट्रेशन हेतु एक स्थल चिन्हित करने का प्रस्ताव विभाग को भेजा जा रहा है।
अंत में डॉ प्रेम कुमार ने कहा कि केंद्र की मोदी सरकार एवं बिहार के नीतीश कुमार जी का किसान, महिला,युवा एवं स्वरोजगार की दिशा में बढ़ावा देना ही मुख्य उद्देश्य है।
अध्यक्ष डॉ. प्रेम कुमार ने सभी विभागों को आपसी समन्वय से कार्य करते हुए योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने का निर्देश दिया। जिला पदाधिकारी द्वारा धन्यवाद ज्ञापन दिया गया और सभी विभागों को तेजी से काम कराने का निर्देश दिया गया।

त्रिलोकी नाथ डिस्ट्रिक्ट रिपोर्टर गयाजी बिहार

वन्दे भारत लाइव टीवी न्यूज़

Back to top button
error: Content is protected !!