
धनबाद
।। बाघमारा अनुमंडल अंतर्गत बीसीसीएल एरिया-5 के निचीतपुर कोलियरी में एक बीसीसीएल कर्मी के साथ CISF जवान द्वारा कथित रूप से दुर्व्यवहार किए जाने की सूचना से कोलियरी परिसर में तनाव का माहौल बन गया। घटना की जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में बीसीसीएल कर्मी एकजुट होकर विरोध में खड़े हो गए।इसी दौरान जिला परिषद सदस्य इशराफील लाला मौके पर पहुंचे और उन्होंने कर्मियों के साथ मजबूती से खड़े होकर पूरे मामले में हस्तक्षेप किया। उन्होंने CISF अधिकारियों से स्पष्ट शब्दों में कहा कि मजदूरों के सम्मान के साथ किसी भी तरह का समझौता बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और अनुशासन के नाम पर दुर्व्यवहार कतई स्वीकार्य नहीं है।कर्मियों और जनप्रतिनिधि के दबाव के बाद संबंधित CISF जवान को मजदूरों के समक्ष अपनी गलती स्वीकार करनी पड़ी। जवान ने सार्वजनिक रूप से माफी मांगते हुए भविष्य में ऐसी घटना की पुनरावृत्ति न होने का आश्वासन दिया। इसके बाद स्थिति सामान्य हुई।इस घटना के बाद क्षेत्र में यह चर्चा का विषय बना रहा कि यदि जनप्रतिनिधि समय पर हस्तक्षेप न करते तो मामला और गंभीर रूप ले सकता था। मजदूरों ने जिला परिषद सदस्य इशराफील लाला के प्रति आभार जताते हुए कहा कि उन्होंने उनके सम्मान और अधिकारों की मजबूती से रक्षा की। Mithilesh Tiwari




