भाजपा के नव निर्वाचित राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन रविवार को एक दिवसीय दौरे पर मथुरा पहुंचेंगे। राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने के बाद यह उनका पहला मथुरा दौरा होगा, जिसकी शुरुआत वह ठाकुर बांके बिहारी जी के दर्शन के साथ करेंगे। पार्टी सूत्रों के अनुसार, नितिन नवीन अपने कार्यकाल का शुभारंभ धार्मिक आस्था के प्रतीक स्थल से करना चाहते हैं।
इस दौरान उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी, दोनों उपमुख्यमंत्री, कई कैबिनेट मंत्री और भाजपा के वरिष्ठ पदाधिकारी भी उनके साथ मौजूद रहेंगे। इसे भाजपा के लिए एक अहम राजनीतिक और संगठनात्मक कार्यक्रम माना जा रहा है।
दौरे के दौरान पार्टी की आंतरिक बैठकों और आगामी राजनीतिक रणनीति पर भी चर्चा होने की संभावना है। सुरक्षा और व्यवस्थाओं को लेकर प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। भाजपा कार्यकर्ताओं में इस दौरे को लेकर उत्साह देखा जा रहा है और मथुरा में जोरदार स्वागत की तैयारी की जा रही है।