
दरभंगा, 12 फरवरी, 2026: जिलाधिकारी दरभंगा श्री कौशल कुमार ने आज घनश्यामपुर प्रखंड सह अंचल कार्यालय के नए भवन निर्माण के प्रस्तावित स्थल का स्थलीय निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने अधिकारियों को निर्माण से पूर्व सभी आवश्यक प्रक्रियाओं को शीघ्र पूरा करने का निर्देश दिया।
जिलाधिकारी ने भूमि की लंबाई-चौड़ाई मापी और पहुंच मार्ग, जल निकासी व्यवस्था व अन्य आधारभूत सुविधाओं का निरीक्षण किया। उन्होंने पुराने एवं जर्जर भवन का भी निरीक्षण कर इसे सुरक्षित तरीके से ध्वस्त करने का आदेश दिया।
उन्होंने कहा कि नया भवन आधुनिक सुविधाओं से युक्त और आमजन की आवश्यकताओं के अनुरूप तैयार होगा, जिससे प्रखंड एवं अंचल स्तर पर प्रशासनिक कार्यों में पारदर्शिता और सुगमता बढ़ेगी।
इस अवसर पर उप विकास आयुक्त श्री स्वप्निल, अंचलाधिकारी श्री अभिषेक सौरव, प्रखंड विकास पदाधिकारी श्री रजनीश कुमार समेत अन्य अधिकारी उपस्थित थे।





















