A2Z सभी खबर सभी जिले की

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने किसानों को होली से पहले बड़ी दी सौगात

लखनऊ/ उत्तर प्रदेश

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने किसानों को होली से पहले बड़ी सौगात दी। शनिवार को आयोजित कार्यक्रम में उन्होंने प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना (खरीफ-2025) के तहत 2.51 लाख किसानों को 285 करोड़ रुपये की क्षतिपूर्ति राशि सीधे उनके खातों में भेजी। साथ ही मुख्यमंत्री कृषक दुर्घटना कल्याण योजना के अंतर्गत 3500 लाभार्थी परिवारों को 175 करोड़ रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की। इस तरह कुल 460 करोड़ रुपये डीबीटी के माध्यम से किसानों और उनके परिवारों को हस्तांतरित किए गए।

मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार ने बिचौलियों की भूमिका समाप्त कर पारदर्शी व्यवस्था लागू की है, जिससे लाभ सीधे पात्रों तक पहुंच रहा है। उन्होंने किसानों को होली की शुभकामनाएं देते हुए भरोसा दिलाया कि डबल इंजन सरकार हर परिस्थिति में अन्नदाताओं के साथ खड़ी है।

कार्यक्रम के दौरान सीएम ने बागपत, शामली, कासगंज और भदोही में उप कृषि निदेशक कार्यालय एवं मृदा परीक्षण प्रयोगशालाओं के निर्माण का शिलान्यास किया। इसके अलावा झांसी के मऊरानीपुर में राजकीय भूमि संरक्षण केंद्र पर 50 शैय्या छात्रावास भवन और लखनऊ में स्मार्ट कृषि ब्यूरो स्टूडियो इकाई की आधारशिला रखी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि उन्नत तकनीक, बीमा सुरक्षा और सरकारी योजनाओं के माध्यम से किसानों की आय बढ़ाने और कृषि को अधिक लाभकारी बनाने की दिशा में लगातार कार्य किया जा रहा है।

Back to top button
error: Content is protected !!