महराजगंज में हीट वेव को लेकर स्वास्थ्य विभाग अलर्ट
भीषण गर्मी और हीट वेव की आशंका को देखते हुए योगी आदित्यनाथ के निर्देश पर स्वास्थ्य विभाग पूरी तरह सतर्क हो गया है। जिले के अस्पतालों में विशेष तैयारियां की गई हैं ताकि गर्मी से प्रभावित मरीजों को तुरंत राहत मिल सके।
जिला संयुक्त चिकित्सालय के सीएमएस डॉ. एस.के. द्विवेदी ने बताया कि हीट वेव से निपटने के लिए अस्पताल में 6 बेड का विशेष वार्ड आरक्षित किया गया है। इस वार्ड में पंखे और कूलर की व्यवस्था सुनिश्चित की गई है, ताकि मरीजों को गर्मी से राहत मिल सके।
इसके अलावा महिला अस्पताल, ट्रामा सेंटर और जिला संयुक्त चिकित्सालय में ORS काउंटर स्थापित किए गए हैं। यहां ORS पाउडर, दवाएं, कूलर और पंखे पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध हैं।
स्वास्थ्य विभाग ने रैन बसेरों में भी कूलिंग की व्यवस्था कराई है, जिससे मरीजों के परिजनों को गर्मी से राहत मिल सके। अधिकारियों का कहना है कि यदि हीट वेव के मरीज भर्ती होते हैं, तो उनके समुचित इलाज के लिए पूरी तैयारी कर ली गई है।
गर्मी से बचाव के लिए जरूरी सावधानियां:
धूप में निकलने से बचें, खासकर दोपहर 12 से 4 बजे के बीच ना निकले –
अधिक से अधिक पानी और ORS का सेवन करें –
हल्के और ढीले कपड़े पहनें –
सिर को कपड़े या टोपी से ढककर रखें –
बच्चों और बुजुर्गों का विशेष ध्यान रखें –
स्वास्थ्य विभाग ने लोगों से अपील की है कि लू के लक्षण दिखने पर तुरंत नजदीकी अस्पताल में संपर्क करें।