
माँ के सम्मान में रोपे गए जीवन के पौधे, हरियाली से महका महुली
एक पेड़ माँ के नाम' अभियान को मिला जनसमर्थन, आदर्श इंटरमीडिएट कालेज, एम.एस. आदर्श महाविद्यालय एवं ग्राम पंचायत में हुआ वृहद वृक्षारोपण, ग्राम प्रधान अरविंद जायसवाल के नेतृत्व में 900 पौधे लगाए गए
महुली, दुद्धी सोनभद्र(राकेश कुमार कन्नौजिया)_
रविवार को दुद्धी विकास खंड की महुली ग्राम पंचायत पर्यावरण संरक्षण की अनूठी मिसाल बनकर उभरी, जब “एक पेड़ माँ के नाम” अभियान के तहत विद्यालयों, महाविद्यालयों एवं ग्राम पंचायत में वृहद वृक्षारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। मातृ सम्मान और प्रकृति संरक्षण को समर्पित इस अभियान में जनप्रतिनिधियों, शिक्षकों, विद्यार्थियों एवं ग्रामीणों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए पौधरोपण किया तथा उनके संरक्षण का सामूहिक संकल्प लिया। पूरे दिन महुली क्षेत्र में हरियाली और पर्यावरण संरक्षण का संदेश गूंजता रहा। 
आदर्श इंटरमीडिएट कालेज महुली में प्रधानाचार्य राकेश कुमार कन्नौजिया एवं प्रबंधक महबूब आलम के नेतृत्व में वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। विद्यालय परिसर में छायादार, फलदार एवं औषधीय पौधों का रोपण किया गया। इस अवसर पर विद्यार्थियों को वृक्षों के महत्व, जलवायु परिवर्तन की चुनौतियों तथा पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक करते हुए प्रत्येक पौधे की देखभाल करने का संकल्प दिलाया गया। प्रधानाचार्य ने कहा कि आज लगाया गया एक पौधा भविष्य की पीढ़ियों के लिए स्वच्छ वायु, शुद्ध वातावरण और सुरक्षित जीवन का आधार बनेगा।
इसी क्रम में एम.एस. आदर्श महाविद्यालय, महुली में नवनीत कुमार मिश्रा एवं कंचन देवी के नेतृत्व में वृक्षारोपण कार्यक्रम संपन्न हुआ। महाविद्यालय परिसर में विभिन्न प्रजातियों के पौधे लगाकर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया गया। छात्र-छात्राओं ने संकल्प लिया कि वे केवल पौधे ही नहीं लगाएंगे, बल्कि उन्हें वृक्ष बनने तक संरक्षित भी करेंगे।
वहीं महुली ग्राम पंचायत में ग्राम प्रधान अरविंद जायसवाल एवं ग्राम पंचायत अधिकारी राकेश कुमार के नेतृत्व में 900 पौधों का वृहद वृक्षारोपण किया गया। पंचायत क्षेत्र के विद्यालय परिसरों, सार्वजनिक स्थलों, सड़क किनारे एवं अन्य उपयुक्त स्थानों पर पौधरोपण कर ग्रामवासियों को हरियाली बढ़ाने के लिए प्रेरित किया गया। ग्राम प्रधान ने कहा कि प्रकृति का संरक्षण ही मानव जीवन की सबसे बड़ी सुरक्षा है और प्रत्येक नागरिक को कम से कम एक पौधा अवश्य लगाकर उसकी देखभाल करनी चाहिए।
कार्यक्रम के दौरान शिक्षकों, विद्यार्थियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं, ग्रामीणों एवं जनप्रतिनिधियों ने पर्यावरण संरक्षण का सामूहिक संकल्प दोहराया। सभी ने कहा कि “एक पेड़ माँ के नाम” केवल एक अभियान नहीं, बल्कि प्रकृति, मातृत्व और आने वाली पीढ़ियों के प्रति हमारी जिम्मेदारी का प्रतीक है।
महुली ग्राम पंचायत का यह अभियान पूरे दुद्धी क्षेत्र के लिए प्रेरणास्रोत बन गया। लोगों का मानना है कि यदि प्रत्येक नागरिक अपनी माँ के नाम एक पौधा लगाकर उसका संरक्षण करे, तो हर गांव, हर विद्यालय और हर पंचायत हरियाली से आच्छादित होकर पर्यावरण संरक्षण की नई मिसाल कायम कर सकती है।इस मौके पर राजन चौधरी ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि एवं पूर्व जिला जज,अरुण कुमार गुप्ता,सुधीर कुमार,सेकरार जिला उपाध्यक्ष बसपा सहित सैंकड़ों ग्रामीण पुरुष महिलाएं उपस्थित रहे।




















