
गाजीपुर। सम्यक युवा मंच के तत्वावधान में प्रधान पैलेस, गाजीपुर में नेत्र सुरक्षा गोष्ठी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य बरसात के मौसम में आंखों में होने वाले संक्रमण, फंगस तथा बढ़ते मोबाइल और कंप्यूटर उपयोग से आंखों पर पड़ने वाले दुष्प्रभावों के प्रति लोगों को जागरूक करना था।

गोष्ठी में पूर्वांचल की प्रतिष्ठित नेत्र चिकित्सा संस्था अनुस्का नेत्र क्लिनिक, शादियाबाद (गाजीपुर) के प्रबंध निदेशक डॉ. आर.के. मौर्य ने विस्तार से जानकारी देते हुए बताया कि बरसात के मौसम में आंखों में संक्रमण और फंगस का खतरा बढ़ जाता है। उन्होंने लोगों से आंखों की स्वच्छता बनाए रखने, बिना चिकित्सकीय सलाह के दवा का प्रयोग न करने तथा किसी भी समस्या होने पर तुरंत नेत्र विशेषज्ञ से परामर्श लेने की अपील की।
डॉ. मौर्य ने कहा कि आज के समय में बच्चों और युवाओं द्वारा मोबाइल, लैपटॉप और कंप्यूटर का अत्यधिक उपयोग आंखों की सेहत पर प्रतिकूल प्रभाव डाल रहा है। इससे आंखों से पानी आना, आंखों का लाल होना, सिरदर्द, चक्कर आना और आंखों में थकान जैसी समस्याएं तेजी से बढ़ रही हैं। उन्होंने डिजिटल स्क्रीन का सीमित उपयोग, समय-समय पर आंखों को आराम देने और नियमित नेत्र परीक्षण कराने की सलाह दी।
उन्होंने बताया कि अनुस्का नेत्र क्लिनिक में अत्याधुनिक मशीनों के माध्यम से आंखों की जांच एवं उपचार किया जाता है। क्लिनिक में मोतियाबिंद, आंखों का तिरछापन, नाखूना, समलबाई तथा अन्य नेत्र रोगों का आधुनिक तकनीक से सरल एवं किफायती उपचार उपलब्ध है। साथ ही आयुष्मान कार्ड धारकों के लिए निःशुल्क मोतियाबिंद ऑपरेशन, 70 वर्ष से अधिक आयु के वरिष्ठ नागरिकों के लिए मुफ्त ऑपरेशन तथा सरकारी कर्मचारियों के लिए सरकारी हेल्थ कार्ड पर निःशुल्क ऑपरेशन की सुविधा भी उपलब्ध होने की जानकारी दी।
सम्यक युवा मंच के केंद्रीय संयोजक अखिलेश मौर्य ने कहा कि बरसात के मौसम में नेत्र संबंधी बीमारियों के प्रति लोगों को जागरूक करने के उद्देश्य से इस गोष्ठी का आयोजन किया गया है, ताकि समय रहते लोग सावधानी बरत सकें और अपनी आंखों की सुरक्षा सुनिश्चित कर सकें।
कार्यक्रम के व्यवस्थापक एवं सम्यक युवा मंच के जिला सहसंयोजक तथा पूर्व प्रधान सुरेश सिंह कुशवाहा ने डॉ. आर.के. मौर्य एवं उनकी पूरी टीम का आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम के अंत में डॉ. आर.के. मौर्य ने उपस्थित लोगों को अनुस्का नेत्र क्लिनिक की स्मृति-चिह्न स्वरूप दीवार घड़ी भेंट कर सम्मानित किया।
गोष्ठी में प्रमुख रूप से दुर्वासा कुशवाहा, डॉ. विशाल सिंह, एडवोकेट संजय सिंह कुशवाहा, गंगा सिंह कुशवाहा, श्यामजी यादव, वंशबहादुर सिंह कुशवाहा, डॉ. जे.पी. मौर्य, राजन मौर्य, प्रदीप गुप्ता, पंचम प्रसाद भारती, शशि मौर्य, राजेश कुशवाहा, इंद्रजीत कुशवाहा, हरेराम सिंह कुशवाहा, राहुल मौर्य सहित अनेक गणमान्य नागरिक एवं सामाजिक कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
वंदे भारत लाइव टीवी न्यूज़ के लिए यह कार्यक्रम नेत्र स्वास्थ्य जागरूकता और सामाजिक सहभागिता की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल के रूप में सामने आया।






