

ढखेरवा (लखीमपुर खीरी)।
ढखेरवा गांव में शनिवार को पारिवारिक विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। मायके जाने को लेकर हुए विवाद में पहले पति ने कथित रूप से अपनी पत्नी की नाक दांतों से काट दी। इसके बाद आक्रोशित मायके पक्ष के लोगों ने ससुराल पहुंचकर मारपीट की और बदले में पति की बहन की भी नाक काट दी। घटना पूरे क्षेत्र में चर्चा का विषय बनी रही।
जानकारी के अनुसार, ढखेरवा गांव निवासी श्रवण कश्यप और उसकी पत्नी प्रीति कश्यप के बीच मायके जाने को लेकर कहासुनी हो गई। आरोप है कि विवाद बढ़ने पर श्रवण ने पत्नी की पिटाई की और दांतों से उसकी नाक काटकर गंभीर रूप से घायल कर दिया।
घटना की सूचना मिलने पर प्रीति के मायके पक्ष के लोग आक्रोशित होकर श्रवण के घर पहुंच गए। आरोप है कि उन्होंने श्रवण की मां के साथ मारपीट की और श्रवण की बहन मोनी कश्यप की भी नाक काट दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई।
घटना के बाद दोनों पक्षों ने पुलिस को तहरीर देकर एक-दूसरे के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। घटना से गांव में तनाव का माहौल रहा और पूरे दिन यह मामला लोगों के बीच चर्चा का विषय बना रहा।
पुलिस का कहना है कि दोनों पक्षों की तहरीर के आधार पर मामले की जांच की जा रही है। जांच के बाद तथ्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।






