A2Z सभी खबर सभी जिले की

सागरमोती परिसर में सीसीटीवी का कैमरो का लोकार्पण|

मुख्य अतिथि युवराज सिंह चौहान तथा कई समाज सेवी उपस्थित |

10 / 100 SEO Score

IMG 20260712 WA0121जावरा— शहर के मध्य स्थित सागर मोती परिसर कॉलोनी में जनसहयोग से संपूर्ण कॉलोनी को सीसीटीवी कैमरों से सुसज्जित करने का कार्य पूर्ण होने पर रविवार प्रातः “सीसीटीवी लोकार्पण कार्यक्रम” का आयोजन किया गया। हाल ही में गठित 25 युवाओं की समिति ने अपने प्रथम सामाजिक कार्य के रूप में इस सुरक्षा व्यवस्था को स्थापित कर कॉलोनीवासियों के लिए एक सराहनीय पहल की।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथियों में सीएसपी युवराज सिंह चौहान, पार्षद प्रतिनिधि दशरथ कसानिया, पूर्व नगरपालिका अध्यक्ष प्रतिनिधि एवं युवा नेता आकाश दसेड़ा तथा भारत विकास परिषद के अध्यक्ष एवं समाजसेवी शेखर नाहर उपस्थित रहे। कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों द्वारा माँ सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ।

अतिथियों का स्वागत समिति के सदस्यों एवं कॉलोनीवासियों द्वारा किया गया। कार्यक्रम का संचालन निलेश मेहता ने किया।

अपने संबोधन में सीएसपी युवराज सिंह चौहान ने कॉलोनी के बाहर रामबाग क्षेत्र में 112 डायल वाहन का नियमित स्टॉप एवं कॉलोनी में रात्रिकालीन पुलिस गश्त सुनिश्चित कराने का आश्वासन दिया। उन्होंने साइबर अपराधों से बचाव के संबंध में भी विस्तृत जानकारी देते हुए नागरिकों को जागरूक रहने का संदेश दिया।

पार्षद प्रतिनिधि दशरथ कसानिया ने कॉलोनी के उद्यान में ओपन जिम स्थापित कराने, नालियों की समस्या का निराकरण कराने तथा कॉलोनी के एप्रोच रोड को आरसीसी सड़क में परिवर्तित कराने का आश्वासन दिया।

पूर्व नगरपालिका अध्यक्ष प्रतिनिधि आकाश दसेड़ा ने कॉलोनी के उद्यान में छायादार शेड, बावड़ी की बाउंड्रीवॉल एवं उसे सुरक्षित रूप से ढंकने के लिए सहयोग देने की घोषणा की।

इस अवसर पर पंकज अग्रवाल एवं पुरुषोत्तम दुबे ने भी अपने विचार व्यक्त किए और समिति के प्रयासों की सराहना की।कार्यक्रम के पश्चात कॉलोनी स्थित मंदिर परिसर के समीप पौधरोपण किया गया। अंत में आलोक मोदी ने आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर समिति के सदस्य एवं बड़ी संख्या में कॉलोनीवासी उपस्थित रहे।

Back to top button
error: Content is protected !!