
फुरकान अंसारी।
हरिद्वार,12/07/2026। उत्तराखंड पुलिस मुख्यालय के “ऑपरेशन प्रहार-2026” अभियान के तहत हरिद्वार पुलिस ने नशे के कारोबार के खिलाफ एक और प्रभावी कार्रवाई करते हुए थाना बहादराबाद क्षेत्र से एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से 08 प्रतिबंधित नशीले बुप्रेनॉर्फिन (Buprenorphine) इंजेक्शन बरामद किए गए हैं।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देशन एवं थाना बहादराबाद पुलिस के नेतृत्व में गठित टीम ने 11 जुलाई 2026 को गश्त एवं चेकिंग के दौरान कोर कॉलेज के पास स्थित खंडहर के निकट संदिग्ध युवक को रोककर तलाशी ली। तलाशी में उसके पास से 08 नशीले इंजेक्शन बरामद होने पर पुलिस ने उसे मौके से गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में आरोपी राजकुमार सिंह ने बताया कि घर की आर्थिक स्थिति कमजोर होने के कारण उसने लालच में आकर नशीले इंजेक्शन बेचने का काम शुरू किया। उसने बताया कि दिन में मजदूरी और शाम को रावली महदूद में चाउमीन का ठेला लगाता है। आरोपी ने यह भी स्वीकार किया कि उसने ये इंजेक्शन रावली महदूद निवासी एक व्यक्ति से खरीदे थे। पुलिस अब उससे जुड़े अन्य लोगों की भी जानकारी जुटा रही है।
पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। हरिद्वार पुलिस का कहना है कि जिले में नशीले कैप्सूल और इंजेक्शन की अवैध बिक्री के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा।
पुलिस टीम:
उपनिरीक्षक उमेश कुमार, कांस्टेबल चंदन सिंह एवं हेड कांस्टेबल अभिषेक की कार्रवाई।







