
यवतमाळ: जिले में बढ़ती चोरी और घरफोड़ी की वारदातों पर अंकुश लगाने के लिए स्थानीय अपराध शाखा (LCB) ने एक बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने दो आरोपियों को हिरासत में लेकर उनके पास से करीब 11,37,075 रुपये मूल्य के सोने-चांदी के आभूषण बरामद किए हैं।
क्या है पूरा मामला?
जानकारी के अनुसार, जिला पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर स्थानीय अपराध शाखा की वणी और पांढरकवडा टीमें चोरी की घटनाओं को सुलझाने के लिए लगातार गश्त कर रही थीं। इसी बीच, 20 अगस्त 2026 को मोरेगांव पुलिस थाना क्षेत्र के निवासी सुशील जेंगेवार ने शिकायत दर्ज कराई थी कि अज्ञात चोरों ने उनके घर से सोने-चांदी के गहने चोरी कर लिए हैं। इस शिकायत के आधार पर मोरेगांव पुलिस स्टेशन में मामला दर्ज किया गया था।
जांच और गिरफ्तारी:
तफ्तीश के दौरान पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि इस चोरी में दो विधि संघर्षग्रस्त (नाबालिग) बालक शामिल हैं और उन्होंने चोरी का माल पुसद के एक सर्राफा व्यापारी को बेचा है। पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए दोनों को हिरासत में लिया। पूछताछ के दौरान उन्होंने अपना जुर्म कबूल कर लिया।
उनकी निशानदेही पर पुलिस ने पुसद पहुंचकर संबंधित सर्राफा व्यापारी से चोरी के सभी जेवरात जब्त किए। इस मामले में दत्ता कुरकुटे (निवासी नागवाडी, तहसील पुसद) को भी हिरासत में लिया गया है और आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए उसे मोरेगांव पुलिस के हवाले कर दिया गया है।
इन्होंने दी कार्रवाई को अंजाम:
यह सफल कार्रवाई पुलिस अधीक्षक कुमार चिंता और अपर पुलिस अधीक्षक अशोक थोरात के मार्गदर्शन में पुसद के अनुविभागीय पुलिस अधिकारी हर्षवर्धन भिजे, स्थानीय अपराध शाखा के अधिकारियों और कर्मचारियों की टीम द्वारा की गई।




