

कांठ (मुरादाबाद)। थाना कांठ क्षेत्र के गांव खेमपुर सैफुल्लापुर में अपने घर के बाहर खेल रही डेढ़ साल की मासूम बच्ची की नाली के बने पानी भरे गड्ढे में गिरकर डूबने से मौत हो गई। जिससे बच्चों के परिवार में कोहराम मच गया। सूचना पाकर पहुंची पुलिस ने भी घटना की जानकारी जुटाई, लेकिन परिजनों ने किसी भी कानूनी कार्रवाई से इनकार कर दिया।

कांठ के गांव खेमपुर सैफुल्लापुर रहने वाले सतपाल सैनी की डेढ़ साल की बेटी गरिमा घर के बाहर खोल रही थी। परिवार वाले घर के कामों में व्यस्त थे। गारिमा खेलते-खोलते अचानक नाली के लिए बने पानी भरे गड्ढे में गिर गई। जब वह काफी देर तक दिखाई नहीं दी तो परिजनों और ग्रामीणों ने बच्ची की तलाश की। इस दौरान बच्ची के चार साल के भाई ने गड्ढे की तरफ इशारा किया। जिस पर परिजनों ने गड्ढे में देखा तो मासूम गरिमा उसमें पड़ी दिखाई दी। उन्होंने उसे गड्ढे से बाहर निकाल और तुरंत चिकित्सक के पास ले गए, लेकिन चिकित्सक ने बच्ची को मृत घोषित कर दिया। इसके बाद वह बच्ची के शव को घर ले आए। सूचना पाकर थाना प्रभारी निरीक्षक कांठ सुदेश पाल सिंह भी फोर्स के साथ मौके पहुंच गए और घटना की जानकारी जुटाई, पुलिस ने पोस्टमार्टम करने के लिए कहा तो बच्ची के परिजनों ने किसी भी कानूनी कार्रवाई से साफ इनकार कर दिया। बच्ची की मौत से उसके परिजनों में कोहरा मचा हुआ है।
रिपोर्ट: पंकज कुमार, कांठ।

