
*बस्ती: अवैध ई-टिकट का कारोबार करते युवक गिरफ्तार, 6 यूजर आईडी बरामद*
*पेड़ के नीचे मोबाइल से बनाता था टिकट, 150-200 रुपये अतिरिक्त वसूलता था ग्राहकों से*
*बस्ती:* रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) को ई-टिकट के अवैध कारोबार के खिलाफ बड़ी सफलता मिली है. लखनऊ से मिले संदिग्ध मोबाइल नंबर और यूजर आईडी के सत्यापन के दौरान आरपीएफ टीम ने मुंडेरवा थाना क्षेत्र के ओरावारा गांव के पास से एक आरोपी को गिरफ्तार किया है.
*पेड़ के नीचे बना रहा था टिकट*
गिरफ्तार आरोपी की पहचान बृजेश कुमार उर्फ दुर्गेश निवासी ओरावारा, थाना मुंडेरवा के रूप में हुई है. उप निरीक्षक लाल साहब सिंह के नेतृत्व में टीम ने ओरावारा गांव से दक्षिण 50 मीटर रोड किनारे पेड़ के नीचे से उसे दबोचा. आरोपी मौके पर ही मोबाइल से ई-टिकट बनाता मिला.
*6 पर्सनल आईडी और टिकट बरामद*
आरपीएफ के अनुसार आरोपी पर्सनल यूजर आईडी से टिकट बनाकर यात्रियों से प्रति टिकट 150 से 200 रुपये अतिरिक्त वसूलता था. तलाशी में उसके पास से कुल 6 पर्सनल यूजर आईडी बरामद हुईं. साथ ही 2 लाइव और 2 पुराने ई-टिकट भी मिले हैं. बरामद टिकटों की कुल कीमत 12,177.06 रुपये बताई जा रही है.
आरपीएफ ने स्पष्ट किया कि आरोपी किसी एजेंट आईडी या प्रतिबंधित सॉफ्टवेयर का इस्तेमाल नहीं कर रहा था. उसके खिलाफ धारा 143 रेल अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई है.
*टीम में ये रहे शामिल*
इस कार्रवाई में हेड कांस्टेबल बीरबल उरांव, कांस्टेबल मोहम्मद शमशाद मंसूरी, राजकुमार सिंह व सीआईबी गोरखपुर के एचसी धीरेंद्र प्रताप सिंह शामिल रहे.








