A2Z सभी खबर सभी जिले कीउत्तर प्रदेशमुरादाबाद

खेत में पानी लगाने गए वृद्ध किसान की करंट लगने से मौत, परिवार में कोहराम

छजलैट के गांव सीमला की घटना, पुलिस ने पोस्टमार्टम के लिए भेजा किसान का शव

images 13
छजलैट थाना क्षेत्र के गांव सीमला का मामला।

कांठ (मुरादाबाद)। थाना छजलैट एवं कांठ तहसील क्षेत्र के गांव सीमला में खेत पर पानी लगाने गए एक वृद्ध किसान की करंट लगने से दर्दनाक मौत हो गई। घटना से परिवार में कोहराम मच गया, वहीं गांव में शोक का माहौल है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

जानकारी के अनुसार गांव सीमला निवासी 75 वर्षीय किसान मुखराम सिंह बुधवार की देर शाम अपने खेत पर पानी लगाने के लिए गए थे। बताया जा रहा है कि खेत में बने नलकूप कक्ष में वह मोटर चलाने के लिए स्टार्टर के कनेक्शन जोड़ रहे थे। इसी दौरान अचानक वह बिजली के करंट की चपेट में आ गए और मौके पर ही उनकी मौत हो गई। ग्रामीणों ने बताया कि काफी देर तक जब मुखराम सिंह घर वापस नहीं लौटे तो परिजन उन्हें तलाशते हुए खेत पर पहुंचे। वहां मुखराम सिंह मृत अवस्था में पड़े मिले। परिजन उन्हें तुरंत उपचार के लिए छजलैट में एक चिकित्सक के पास लेकर पहुंचे, लेकिन चिकित्सक ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई और पंचनामा भरकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। वृद्ध किसान की मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। गांव सीमला में घटना के बाद गमगीन माहौल बना हुआ है।

 

रिपोर्ट: पंकज कुमार, कांठ। ✍️

Back to top button
error: Content is protected !!