A2Z सभी खबर सभी जिले कीअन्य खबरेउत्तर प्रदेशताज़ा खबरदेश

सहारनपुर। मानकमऊ बिजलीघर की लापरवाही से न्यू मख्खन कॉलोनी में मंडरा रहा बड़ा खतरा

बार-बार शिकायतों के बावजूद नहीं बदले गए जर्जर तार, जलती हुई लाइन टूटकर कारों पर गिरी, क्षेत्रवासियों में भारी आक्रोश

WhatsApp Image 2026 05 25 at 12.37.12 PM1 WhatsApp Image 2026 05 25 at 12.37.12 PM

WhatsApp Image 2026 05 25 at 12.35.51 PM

सहारनपुर। मानकमऊ बिजलीघर की लापरवाही से न्यू मख्खन कॉलोनी में मंडरा रहा बड़ा खतरा

बार-बार शिकायतों के बावजूद नहीं बदले गए जर्जर तार, जलती हुई लाइन टूटकर कारों पर गिरी, क्षेत्रवासियों में भारी आक्रोश

सहारनपुर। जनपद सहारनपुर की न्यू मख्खन कॉलोनी में बिजली व्यवस्था पूरी तरह बदहाल होती जा रही है। क्षेत्रवासियों ने मानकमऊ बिजलीघर पर गंभीर लापरवाही के आरोप लगाते हुए कहा है कि कई बार शिकायत और सूचना देने के बावजूद विभाग द्वारा कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई। लगातार टूटती बिजली की तारें और ओवरलोड व्यवस्था अब लोगों की जान के लिए खतरा बन चुकी है।

क्षेत्र की सामाजिक संस्था रामपुरम विकास समिति के नेतृत्व में स्थानीय नागरिकों ने अधिशासी अभियंता, चंद्रनगर सहारनपुर को ज्ञापन सौंपकर तत्काल समाधान की मांग की है। समिति का कहना है कि कॉलोनी में लगी बिजली की तारें बेहद पुरानी और जर्जर हो चुकी हैं। आए दिन ये तार टूटकर सड़क पर गिर जाती हैं, जिससे क्षेत्र में दहशत का माहौल बना हुआ है।

स्थानीय लोगों ने बताया कि कल सुबह लगभग 11 बजे बड़ा हादसा होते-होते बच गया। अचानक बिजली की तारों में तेज आग लग गई और जलती हुई तार टूटकर नीचे सड़क पर खड़ी दो कारों पर गिर गई। घटना के समय आसपास लोगों की आवाजाही थी, लेकिन गनीमत रही कि कोई व्यक्ति इसकी चपेट में नहीं आया। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और लोग भयभीत हो उठे।

क्षेत्रवासियों का आरोप है कि इस समस्या को लेकर पहले भी कई बार मानकमऊ बिजलीघर के अधिकारियों को अवगत कराया जा चुका है, लेकिन हर बार केवल आश्वासन देकर मामले को टाल दिया गया। लोगों का कहना है कि विभागीय अधिकारियों की लापरवाही के कारण कभी भी कोई बड़ा हादसा हो सकता है।

रामपुरम विकास समिति के पदाधिकारियों ने कहा कि कॉलोनी के बीचों-बीच और प्राचीन शिव मंदिर के आसपास नीचे झूलते बिजली के तार लोगों के लिए जानलेवा साबित हो सकते हैं। मंदिर में प्रतिदिन बड़ी संख्या में श्रद्धालु पूजा-अर्चना के लिए पहुंचते हैं, लेकिन जर्जर बिजली व्यवस्था के कारण हर समय दुर्घटना का खतरा बना रहता है।

समिति ने ज्ञापन में यह भी बताया कि क्षेत्र में लगा ट्रांसफार्मर अत्यधिक पुराना हो चुका है और क्षमता से अधिक लोड झेल रहा है। गर्मी बढ़ने के साथ-साथ स्पार्किंग, फॉल्ट और बिजली कटौती की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं। लोगों का कहना है कि विभाग केवल अस्थायी मरम्मत कर समस्या को दबाने का प्रयास करता है, जबकि स्थायी समाधान की ओर कोई ध्यान नहीं दिया जा रहा।

स्थानीय नागरिकों ने प्रशासन से मांग की है कि पूरे क्षेत्र की जर्जर बिजली लाइन तत्काल बदली जाए तथा नया और अधिक क्षमता वाला ट्रांसफार्मर लगाया जाए। लोगों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो क्षेत्रवासी आंदोलन करने के लिए मजबूर होंगे।

क्षेत्रवासियों का कहना है कि यदि भविष्य में किसी प्रकार की जनहानि होती है तो उसकी पूरी जिम्मेदारी बिजली विभाग और मानकमऊ बिजलीघर के अधिकारियों की होगी। लोगों में विभाग की कार्यप्रणाली को लेकर भारी नाराजगी देखने को मिल रही है।

अब देखना यह होगा कि प्रशासन और बिजली विभाग इस गंभीर समस्या को कितनी गंभीरता से लेते हैं और क्षेत्रवासियों को कब तक राहत मिलती है। फिलहाल न्यू मख्खन कॉलोनी के लोगों में डर, गुस्सा और असुरक्षा का माहौल बना हुआ है।

✍️ रिपोर्ट: एलिक सिंह
संपादक – वंदे भारत लाइव टीवी न्यूज़
सहारनपुर

📞 संपर्क: 8217554083
📢 खबर, विज्ञापन, विज्ञप्ति एवं सूचना हेतु संपर्क करें

Back to top button
error: Content is protected !!