
डीडवाना-कुचामन, जिले में 0 से 5 वर्ष तक के बच्चों को पोलियो से बचाव एवं रोकथाम के लिए 28 जून से 30 जून तक अभियान चलाकर पोलियो रोधी खुराक पिलाई जायेगी।
जिले में 28 जून से 30 जून तक चलने वाले पोलियों रोधी अभियान के संबंध में जिला कलक्टर अवधेश मीना ने बुधवार को वीसी के माध्यम से बैठक लेकर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा निर्देश प्रदान किये है।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. नरेन्द्र चौधरी, डब्लूएचओ एसएमओ डॉ. मुनेन्द्र शर्मा और जिला आरसीएचओ अधिकारी डॉ. इरफान अली खत्री ने बताया की अभियान के तहत जिले के 0 से 5 वर्ष तक के आयु वर्ग के लगभग 2 लाख 36 हजार 782 बच्चों को पोलियो रोधी खुराक पिलाने का लक्ष्य रखा गया है। इस हेतु जिले में 1245 बूथ, 4592 वेक्सिनेशन टीमें, 229 सेक्टर सुपरवाईजर एवं लगभग 14485 पोलियो वाईल का उपयोग किया जावेगा।
उन्होंने बताया कि आमजन को जागरुक करने के उद्देश्य से जिले के विभिन्न क्षेत्रों में माईकिंग व प्रचार-प्रसार किया जा रहा है। साथ ही राष्ट्रीय पल्स पोलियो महाअभियान हेतु जिला स्तरीय मोनिटरिंग टीम का गठन किया गया हैं जिसमें मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी, जिला आरसीएच अधिकारी, जिला चिकित्सालय नोडल डीडवाना-कुचामन हेतु पर्यवेक्षक कार्य करेगे तथा ब्लॉक पर्यवेक्षक के साथ ही डब्ल्यू.एच.ओ. के मोनिटर भी कार्यक्रम कि मोनिटरिंग करेगे।
आरसीएचओ इरफ़ान खत्री ने बताया कि राष्ट्रीय पल्स पोलियों कार्यक्रम में अधिक से अधिक बूथ कवरेज करने तथा छुटे हुये 0 से 5 वर्ष तक के बच्चों को दूसरे व तीसरे दिन घर-घर जाकर पोलियों की खुराक पिलाने के लिये विभाग द्वारा सभी तैयारिया कर ली गई है।







