A2Z सभी खबर सभी जिले कीअन्य खबरेखाद्य सुरक्षा और स्वास्थ्यछत्तीसगढ़टेक्नोलॉजीधमतारीलाइफस्टाइल

धमतरी पुलिस ने एसपी सूरज सिंह परिहार को दी भावभीनी विदाई, उत्कृष्ट पुलिसिंग और जनविश्वास कायम करने वाले कार्यकाल को किया याद

धमतरी पुलिस ने एसपी सूरज सिंह परिहार को दी भावभीनी विदाई, उत्कृष्ट पुलिसिंग और जनविश्वास कायम करने वाले कार्यकाल को किया याद

धमतरी जिले के पुलिस अधीक्षक श्री सूरज सिंह परिहार (भा.पु.से.) के स्थानांतरण पर सोमवार को आयोजित विदाई एवं सम्मान समारोह भावनात्मक माहौल में संपन्न हुआ। धमतरी पुलिस परिवार ने उन्हें आत्मीय और गरिमामयी विदाई देते हुए उनके अनुशासित, पारदर्शी, जनोन्मुखी एवं परिणाममुखी कार्यकाल को याद किया। समारोह में प्रशासनिक और पुलिस अधिकारियों ने एक स्वर में कहा कि श्री परिहार के नेतृत्व में धमतरी पुलिस ने कानून-व्यवस्था, अपराध नियंत्रण और जनविश्वास के क्षेत्र में उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल की हैं।

समारोह को संबोधित करते हुए कलेक्टर श्री अविनाश मिश्रा ने कहा कि श्री सूरज सिंह परिहार ने प्रशासन और पुलिस के बीच बेहतर समन्वय स्थापित कर जिले में कानून-व्यवस्था को मजबूत बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उन्होंने कहा कि चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों में भी श्री परिहार ने धैर्य, दृढ़ता और प्रभावी नेतृत्व का परिचय देते हुए कई जटिल एवं चर्चित प्रकरणों का सफल निराकरण कराया, जिससे आम जनता का पुलिस पर विश्वास और अधिक मजबूत हुआ।

वनमंडलाधिकारी श्री कृष्ण जाधव ने कहा कि श्री परिहार का सहज व्यक्तित्व, प्रशासनिक दक्षता और सभी विभागों के साथ समन्वय स्थापित करने की कार्यशैली प्रेरणादायी रही। उन्होंने जनहित के कार्यों में उनके सहयोग को सदैव अनुकरणीय बताया।

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री शैलेन्द्र कुमार पांडेय ने कहा कि श्री परिहार के नेतृत्व में धमतरी पुलिस ने ट्रिपल मर्डर प्रकरण, बरड़िया ज्वैलर्स गोलीकांड जैसे चर्चित मामलों का त्वरित खुलासा कर अपनी कार्यकुशलता का परिचय दिया। इसके साथ ही मादक पदार्थों के विरुद्ध चलाए गए विशेष अभियानों में बड़ी मात्रा में गांजा और अन्य नशीले पदार्थों की जब्ती, संगठित अपराधों पर प्रभावी अंकुश तथा संवेदनशील कानून-व्यवस्था के सफल प्रबंधन ने धमतरी पुलिस को प्रदेश स्तर पर नई पहचान दिलाई।

नगर पुलिस अधीक्षक श्री अभिषेक कुमार चतुर्वेदी ने कहा कि श्री परिहार का नेतृत्व पुलिस बल के प्रत्येक अधिकारी और कर्मचारी के लिए प्रेरणास्रोत रहेगा। उन्होंने टीम वर्क, अनुशासन, पारदर्शिता और जनसेवा की ऐसी कार्यसंस्कृति विकसित की, जिसके सकारात्मक परिणाम अपराध नियंत्रण और प्रभावी अनुसंधान के रूप में सामने आए।

विदाई समारोह में उपस्थित राजपत्रित अधिकारियों, थाना एवं चौकी प्रभारियों तथा पुलिस अधिकारियों-कर्मचारियों ने भी श्री परिहार के साथ कार्य करने के अनुभव साझा किए। सभी ने उनके सरल, संवेदनशील और निष्पक्ष व्यक्तित्व की सराहना करते हुए कहा कि उनके नेतृत्व ने पुलिस बल में अनुशासन, आत्मविश्वास और जनसेवा की भावना को नई ऊर्जा प्रदान की।

समारोह के अंत में पुलिस परिवार की ओर से श्री सूरज सिंह परिहार को स्मृति-चिह्न, पुष्पगुच्छ एवं सम्मान भेंट कर भावभीनी विदाई दी गई। उपस्थित सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने उनके उज्ज्वल भविष्य, उत्तम स्वास्थ्य तथा नई जिम्मेदारियों में निरंतर सफलता की शुभकामनाएं व्यक्त कीं।

इस अवसर पर कलेक्टर श्री अविनाश मिश्रा, वनमंडलाधिकारी श्री कृष्ण जाधव, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री शैलेन्द्र कुमार पांडेय, नगर पुलिस अधीक्षक श्री अभिषेक कुमार चतुर्वेदी, एसडीएम श्री पीयूष तिवारी, एसडीओपी कुरूद श्रीमती रागिनी मिश्रा, डीएसपी सुश्री मोनिका मरावी, डीएसपी सुश्री मीना साहू, डीपीओ श्री अजय सिंह, रक्षित निरीक्षक श्री दीपक शर्मा सहित थाना एवं चौकी प्रभारी और पुलिस विभाग के अधिकारी-कर्मचारी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।

CHANDRABHAN YADAW

BUREAU CHIEF VANDE BHARAT LIVE TV NEWS DISTT - DHAMTARI CHHATTISGARH....CO. NO. 9907889655
Back to top button
error: Content is protected !!