A2Z सभी खबर सभी जिले की

मांडवी के समुद्र में डूबते पर्यटक के लिए देवदूत बने तीन मुस्लिम युवक, जान जोखिम में डालकर बचाई जान; कायम की इंसानियत की मिसाल

तेज बहाव में बहने लगा था पर्यटक, किनारे पर मची थी चीख-पुकार

IMG 20260713 WA0020

रिपोर्ट। धरकास मोखा। गुजरात 

कच्छ के प्रसिद्ध पर्यटन स्थल मांडवी समुद्र तट से मानवता और बहादुरी का एक रोंगटे खड़े कर देने वाला मामला सामने आया है। यहाँ समुद्र में नहाने उतरा एक पर्यटक युवक अचानक पानी के तेज बहाव में बहने लगा। युवक गहरे पानी में डूब रहा था और अपनी जान बचाने के लिए तड़प रहा था। इस संकट की घड़ी में किनारे पर खड़े लोग जब असमंजस में थे, तभी स्थानीय तीन मुस्लिम युवकों- फिरोजभाई वाघेर, जुसब मामद लखर और इरफान कासम जामे ने अपनी जान की परवाह किए बिना उफनते समुद्र में छलांग लगा दी।

लहरों से लड़कर जांबाजों ने युवक को निकाला बाहर

इन तीनों दोस्तों ने एक पल भी गंवाए बिना, समुद्र की खतरनाक और ऊंची लहरों का बहादुरी से सामना किया और डूबते हुए पर्यटक तक पहुंच गए। कड़ी मशक्कत और जोखिम भरे रेस्क्यू के बाद वे युवक को सुरक्षित तैरकर समुद्र के किनारे वापस ले आए। इन जांबाज युवकों की त्वरित सूझबूझ और अदम्य साहस के कारण पर्यटक युवक की जान समय रहते बच गई।

मुश्किल वक्त में काम आई इंसानियत, चारों तरफ हो रही तारीफ

युवक की जान बच जाने के बाद उसके परिवार ने राहत की सांस ली। इस घटना को देखने वाले चश्मदीदों और अन्य पर्यटकों ने कहा कि मुश्किल वक्त में कोई धर्म या जाति आड़े नहीं आती, सिर्फ इंसानियत ही काम आती है। अपनी जान दांव पर लगाकर ‘रियल लाइफ हीरो’ बने इन तीनों युवकों की बहादुरी की चारों तरफ जमकर तारीफ हो रही है।

Back to top button
error: Content is protected !!