
विश्व अंतर्राष्ट्रीय न्याय दिवस के अवसर पर दी विधिक जानकारी’

पाली, 17 जुलाई। राजस्थान राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, जयपुर के निर्देशानुसार तथा सचिव, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण (अपर जिला एवं सेशन न्यायाधीश) विक्रम सिंह भाटी के मार्गदर्शन में विश्व अंतर्राष्ट्रीय न्याय दिवस के अवसर पर जिले के विभिन्न विद्यालयों एवं सार्वजनिक स्थलों पर विधिक जागरूकता शिविर आयोजित किए गए।
एक्शन प्लान के तहत पीएलवी मांगीलाल तंवर ने राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय, केशव नगर एवं वरिष्ठ नागरिक सेवा समिति, पाली में, महेंद्र सिंह दहिया ने राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय, शिवपुरा एवं मनरेगा कार्यस्थल, शिवपुरा में तथा सुश्री मनु ने राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय, धुंधली एवं रोहट में विधिक जागरूकता कार्यक्रम आयोजित कर आमजन एवं विद्यार्थियों को कानूनी अधिकारों के प्रति जागरूक किया।
जिसमें पीएलवी द्वारा बताया कि विश्व अंतर्राष्ट्रीय न्याय दिवस जिसे अंतर्राष्ट्रीय आपराधिक न्याय दिवस के रूप में भी जाना जाता है। इस दिवस का उद्देश्य अंतर्राष्ट्रीय आपराधिक न्यायाधिकरणों के कार्य के बारे में जागरूकता बढ़ाना तथा सरकारों और व्यक्तियों को उनके प्रयासों का समर्थन करने के लिए प्रोत्साहित करना है। यह दिन इसलिए भी महत्वपूर्ण है क्योंकि यह उन लोगों को एकजुट करता है जो न केवल न्याय का समर्थन करना चाहते हैं और पीड़ितों के अधिकारों को बढ़ावा देना चाहते हैं, बल्कि उन अपराधों को रोकने में भी मदद करते हैं जो दुनिया की शांति, सुरक्षा और कल्याण के लिए चुनौती बनते हैं। इसके साथ ही अधिकार मित्रों द्वारा शिविरों में स्थाई लोक अदालत की कार्यप्रणाली, स्थाई लोक अदालत में दायर होने वाले प्रकरण, नालसा व रालसा द्वारा जारी विभिन्न प्रकार की जनकल्याणकारी योजनाएं, मध्यस्थता, राष्ट्रीय लोक अदालत, नालसा पोर्टल, नालसा हेल्पलाइन 15100, बाल विवाह के दुष्परिणाम, निःशुल्क विधिक सहायता, पीड़ित प्रतिकर स्कीम, पॉश एक्ट, वरिष्ठ नागरिकों के अधिकार, महिलाओं के कानूनी अधिकार आदि के संबंध में भी जानकारी प्रदान की तथा विभिन्न तालुका स्तर पर भी उक्त दिवस की महत्वता को बताते हुए अधिकाधिक संख्या में आमजन को जागरूक किया।










