नवोदय विद्यालय में छात्रों की थाली में मिला मरा मेंढक
नाश्ता छोड़ छात्रों ने किया हंगामा
महराजगंज से इस वक्त की बड़ी खबर सामने आ रही है। जवाहर नवोदय विद्यालय में छात्रों को परोसे गए नाश्ते में मरा हुआ मेंढक मिलने से हड़कंप मच गया। रविवार सुबह कक्षा छह के एक छात्र की थाली में चावल के बीच मृत मेंढक दिखाई दिया, जिसके बाद छात्र ने शोर मचा दिया। देखते ही देखते अन्य छात्रों ने भी अपनी-अपनी थालियां जांचनी शुरू कर दीं और नाश्ता करने से इनकार कर दिया। घटना की जानकारी मिलते ही प्रभारी प्रधानाचार्य मौके पर पहुंचे और छात्रों को समझाकर शांत कराया। इसके बाद परोसा गया नाश्ता फेंकवाकर दोबारा तैयार कराया गया। सूचना मिलने पर कई अभिभावक भी विद्यालय पहुंचे और भोजन की गुणवत्ता तथा साफ-सफाई को लेकर नाराजगी जताई।

मामले की जांच के लिए विद्यालय प्रशासन ने तीन सदस्यीय समिति गठित की है। समिति को तीन दिनों के भीतर रिपोर्ट देने के निर्देश दिए गए हैं। दोषी पाए जाने पर नियमित कर्मचारियों के खिलाफ विभागीय कार्रवाई और दैनिक कर्मचारियों को हटाने की संस्तुति की जाएगी।
वहीं, जिलाधिकारी गौरव सिंह सोगरवाल ने मामले को गंभीरता से लेते हुए खाद्य सुरक्षा मानकों की जांच कराने की बात कही है। फिलहाल विद्यालय प्रशासन के मुताबिक छात्रों के स्वास्थ्य की जांच कराई गई है और सभी छात्र स्वस्थ हैं।




