

आरा। आपसी प्रेम, भाईचारा एवं शांति, सद्भाव का त्योहार मुहर्रम के अवसर पर विधि व्यवस्था संधारण तथा शांति व्यवस्था कायम रखने हेतु समाहरणालय सभागार आरा में जिला पदाधिकारी राजकुमार, भोजपुर पुलिस अधीक्षक प्रमोद कुमार द्वारा संयुक्त रूप से सभी पदाधिकारी एवं शांति समिति के सदस्यों के साथ बैठक की गई।जिला शांति समिति की बैठक में जिला पदाधिकारी राजकुमार ने कहा कि आगामी पर्व के मौके पर हर हाल में जिले में कानून व्यवस्था एवं शांति व्यवस्था कायम रहेगी। कानून तोड़ने वाले, सामाजिक तनाव पैदा करने वाले, सांप्रदायिक सद्भाव बिगाड़ने वाले तथा अफवाह फैलाने वाले आसामाजिक एवं उपद्रवी तत्वों पर कठोर कार्रवाई की जाएगी।उन्होंने कहा की जुलूस के मार्ग की जांच कराई जाए तथा जुलूस के लिए मार्ग अनुकूल पाए जाने पर ही अनुमति दी जाएगी। मार्ग निर्धारण तय करने का अधिकार प्रशासन को है।बैठक को संबोधित करते हुए पुलिस अधीक्षक प्रमोद कुमार ने कहा कि असामाजिक एवं उपद्रवी तत्वों का नाम थाने की गुंडा पंजी में दर्ज किया जाएगा। उन्होंने अनुमंडल एवं थाना स्तर पर शांति समिति की बैठक करने का निर्देश थाना अध्यक्ष को दिया। वहीं जिला पदाधिकारी ने कहा कि मोहर्रम को लेकर सारी तैयारियां प्रशासन के द्वारा पूर्ण कर ली गई है और हर जगह मजिस्ट्रेट के साथ पुलिस बल की तैनाती की गई है।इस दौरान शांति भंग करने वालों के खिलाफ जिला प्रशासन कड़ी कार्रवाई करेगा।




