
चित्रसेन घृतलहरे, वन्दे भारत लाइव टीवी न्यूज़/समृद्ध भारत, 18 अक्टूबर 2025/सारंगढ़-बिलाईगढ़ //कलेक्टर डॉ. संजय कन्नौजे ने जिले के विभिन्न विभागों के जिला, ब्लॉक मुख्यालय एवं मैदानी अमले के अधिकारियों-कर्मचारियों की संयुक्त बैठक लेकर धान खरीदी के लिए किसानों के पंजीयन कार्य की विस्तृत समीक्षा की। बैठक में 31 अक्टूबर तक सभी किसानों का पंजीयन कार्य पूर्ण करने की रणनीति पर बिंदुवार चर्चा की गई।
बैठक में राजस्व विभाग के एसडीएम, तहसीलदार, कृषि उप संचालक, कृषि विस्तार अधिकारी, सहकारिता विभाग के सहायक आयुक्त, समितियों के प्रबंधक, ऑपरेटर, खाद्य विभाग के अधिकारी व निरीक्षक उपस्थित थे।
कलेक्टर कन्नौजे ने कहा कि सभी विभाग आपसी समन्वय से कार्य करें। किसी भी अधिकारी-कर्मचारी को यह बहाना नहीं बनाना चाहिए कि यह काम किसी अन्य विभाग का था। उन्होंने स्पष्ट कहा कि “31 अक्टूबर से पहले सभी किसानों का पंजीयन कराना हम सभी का संयुक्त लक्ष्य है।”
कलेक्टर ने निर्देश दिए कि सभी संबंधित अमले तीन दिवस के भीतर अपने-अपने क्षेत्र में लक्ष्य को पूरा करें। तकनीकी दिक्कत आने पर पटवारी, कृषि विस्तार अधिकारी, तहसीलदार, एसडीएम से मार्गदर्शन लें।
उन्होंने समितियों के प्रबंधकों को भी निर्देशित किया कि धान खरीदी के पूर्व समितियों में पेयजल, शौचालय, विद्युत व्यवस्था, हमाल तथा बारदाना जैसी बुनियादी सुविधाएँ सुनिश्चित की जाएँ।
बैठक में अपर कलेक्टर प्रकाश सर्वे सहित सभी विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

















