
21/11/2025

एनडीए की प्रचंड जीत पर चैनपुर में जश्न, भाजपा मंडल अध्यक्षों की बैठक हाटा बाजार में सम्पन्न
कैमूर/चैनपुर।
बिहार विधानसभा चुनाव में एनडीए गठबंधन को प्रचंड बहुमत मिलने के बाद पूरे राज्य में उत्साह का माहौल है। इसी क्रम में चैनपुर विधानसभा क्षेत्र में भी कार्यकर्ताओं में खुशी की लहर साफ देखी जा रही है। भाजपा संगठन की सक्रियता और जीत पर उत्साह प्रकट करने के लिए आज हाटा बाजार स्थित एक निजी होटल में भाजपा मंडल अध्यक्षों की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता चांद प्रखण्ड दक्षिणी के मंडल अध्यक्ष अखिलेश नारायण सिंह पटेल ने की, जबकि संचालन भगवानपुर मंडल अध्यक्ष संतोष कुमार सिंह ने किया।
बैठक में उपस्थित कार्यकर्ताओं ने चैनपुर के नव निर्वाचित विधायक मोहम्मद जमा खान को पुनः मंत्री बनाए जाने पर खुशी व्यक्त की और एनडीए नेतृत्व को धन्यवाद दिया। कार्यकर्ताओं ने कहा कि बिहार में एनडीए की भारी जीत न सिर्फ राज्य में, बल्कि पूरे देश में चर्चा का विषय बन गई है। वक्ताओं ने एक स्वर में कहा कि यह जनादेश असंख्य कार्यकर्ताओं की कड़ी मेहनत और प्रदेश के सभी घटक दलों के सामंजस्य का परिणाम है।
वक्ताओं ने यह भी कहा कि जमा खान के दोबारा मंत्री बनने से चैनपुर विधानसभा क्षेत्र के लंबित विकास कार्यों के पूर्ण होने की अब पूरी संभावना है। भाजपा नेताओं अनिल कुमार राय, सुजीत कुमार सिंह और धर्मेंद्र पांडेय ने अपने संबोधन में कहा कि भाजपा कभी भी किसी चुनाव को हल्के में नहीं लेती। यह एक कार्यकर्ता-आधारित पार्टी है, जहाँ सभी को सम्मान और उचित भागीदारी सुनिश्चित की जाती है।
उन्होंने आगे कहा कि नई सरकार के शपथ ग्रहण समारोह में देश ही नहीं बल्कि विदेशों में भी अत्यंत लोकप्रिय भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की उपस्थिति ने बिहार के भाजपा कार्यकर्ताओं का मनोबल और अधिक बढ़ा दिया है। प्रधानमंत्री की मौजूदगी स्वयं में पार्टी कार्यकर्ताओं के लिए प्रेरणा का स्रोत बनी।
बैठक के समापन पर कार्यकर्ताओं ने एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर जश्न मनाया और संगठन को और मजबूत बनाने का संकल्प लिया। बैठक में हाटा नगर पंचायत के भाजपा अध्यक्ष अनुज जायसवाल, बजरंग खरवार, मुद्रिका साह, इंद्रबली सिंह, पैक्स अध्यक्ष गौरव सिंह सहित बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता मौजूद रहे।
कार्यकर्ताओं ने कहा कि आने वाले वर्षों में चैनपुर सहित पूरे कैमूर जिले में विकास कार्यों को गति देने के लिए भाजपा संगठन पूरी मजबूती के साथ जनता के बीच काम करता रहेगा।
( कैमुर से अफसार आलम की रीपोर्ट)











