
महोबा: व्यापारी के साथ जहरखुरानी, 30 हजार रुपए लेकर फरार आरोपी
महोबा। शहर कोतवाली क्षेत्र के नए प्राइवेट बस स्टैंड पर एक व्यापारी के साथ जहरखुरानी की वारदात सामने आई है। मध्यप्रदेश के महाराजगंज (गढ़ी मलहरा, छतरपुर) निवासी पवन विश्वकर्मा लोहे का सामान खरीदने महोबा आ रहे थे। रास्ते में किसी व्यक्ति ने उनकी चाय में नशीला पदार्थ मिलाकर पिला दिया, जिसके बाद उनके पास रखे 30 हजार रुपए निकाल लिए गए।
होश आने पर पीड़ित पवन विश्वकर्मा प्राइवेट बस स्टैंड में बेसुध अवस्था में मिले। होश में आते ही उन्होंने परिजनों को घटना की जानकारी दी, जिसके बाद उन्हें जिला अस्पताल महोबा में भर्ती कराया गया। डॉक्टरों के अनुसार उनकी स्थिति अब सामान्य है और इलाज जारी है।
पीड़ित व्यापारी मेले में लोहे का सामान बेचने का काम करता है और खरीदारी के लिए महोबा की ओर जा रहा था। रास्ते में ही वह जहरखुरानी का शिकार बन गया।
पुलिस का बयान:
पुलिस के अनुसार, “मध्यप्रदेश से महोबा आ रहे एक व्यक्ति को रास्ते में नशीला पदार्थ देकर रुपये ले जाने की घटना की जानकारी मिली है। पीड़ित का उपचार जिला अस्पताल में चल रहा है और उसकी स्थिति ठीक है। मामले में पुलिस टीम द्वारा नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।”
घटना से क्षेत्र के व्यापारियों में रोष और दहशत का माहौल है। पुलिस मामले की जांच कर आरोपियों की तलाश में जुट गई है।














