A2Z सभी खबर सभी जिले की

सलखन फॉसिल पार्क में विद्यार्थियों का शैक्षिक भ्रमण, 1.4 अरब वर्ष पुराने जीवाश्मों से लेकर अगोरी किला के इतिहास से हुआ साक्षात्कार

सलखान फॉसिल पार्क में विद्यार्थियों का शैक्षिक भ्रमण, 1.4 अरब वर्ष पुराने जीवाश्मों से लेकर अगोरी किला के इतिहास से हुआ साक्षात्कार   IMG 20251220 093031

सोनभद्र (राकेश कुमार कन्नौजिया)_
उत्तर प्रदेश के सोनभद्र जिले में स्थित विश्वप्रसिद्ध सलखन फॉसिल पार्क में शनिवार, 20 दिसंबर को दुद्धी तहसील अंतर्गत महुली स्थित आदर्श इंटरमीडिएट कॉलेज एवं एम.एस. आदर्श महाविद्यालय के छात्र-छात्राओं ने शैक्षिक भ्रमण किया। इस दौरान विद्यार्थियों ने पृथ्वी पर जीवन की उत्पत्ति से जुड़े लगभग 1.4 अरब (1400 मिलियन) वर्ष पुराने स्ट्रोमैटोलाइट जीवाश्मों के बारे में विस्तार से जानकारी प्राप्त की।IMG 20251220 132950

भ्रमण के दौरान विद्यार्थियों को बताया गया कि सलखन फॉसिल पार्क पृथ्वी के प्रारंभिक जैविक एवं भूवैज्ञानिक इतिहास का सजीव प्रमाण है। यहां पाए जाने वाले स्ट्रोमैटोलाइट्स उस काल के हैं, जब पृथ्वी के वायुमंडल में ऑक्सीजन का निर्माण प्रारंभ हुआ था, जिसे वैज्ञानिक भाषा में ग्रेट ऑक्सीडेशन इवेंट कहा जाता है। इसी वैज्ञानिक महत्व के कारण सलखन फॉसिल पार्क को यूनेस्को की संभावित विश्व धरोहर स्थलों की सूची में शामिल किया गया है।IMG 20251220 132933

शैक्षिक भ्रमण के क्रम में विद्यार्थियों को सोनभद्र जिले के ऐतिहासिक धरोहर अगोरी किला के बारे में भी जानकारी दी गई। सोन नदी के किनारे स्थित यह किला चंदेल एवं खारवाल वंश के गौरवशाली इतिहास से जुड़ा है। बताया गया कि पहले यह किला खारवाल वंश के अधीन रहा, जिसे 12वीं सदी में चंदेल राजपूतों ने जीतकर राजा भ्रमजीत ने अपनी राजधानी बनाया। बाद में यह मुगल काल तक एक महत्वपूर्ण राजस्व केंद्र रहा।IMG 20251220 150535

अगोरी किला वीर लोरिक और रानी मंजरी की अमर प्रेम गाथा के लिए भी प्रसिद्ध है। किले परिसर में स्थित विशाल चट्टान के बारे में मान्यता है कि वीर लोरिक ने अपनी तलवार से इसे दो भागों में विभाजित किया था, जो प्रेम और पराक्रम का प्रतीक माना जाता है। इसके अलावा किले में देवी काली एवं अगोरी बाबा को समर्पित मंदिर भी हैं, जहां दूर-दूर से श्रद्धालु दर्शन और पूजा-अर्चना के लिए आते हैं। किले की मूर्तियों पर सिक्के चिपकने की रहस्यमयी घटना भी लोगों के बीच आस्था और कौतूहल का विषय बनी हुई है।IMG 20251220 093031

इस शैक्षिक भ्रमण में विद्यालय के प्रबंधक महबूब आलम, प्रधानाचार्य राकेश कुमार कन्नौजिया सहित शिक्षक अमित कुमार मिश्रा, संतोष कुमार कन्नौजिया, जय प्रकाश शर्मा, अवधेश कुमार, अभिषेक कुमार, आलोक कुमार, कृष्णा कुमार, विकास कुमार,अंजू कुमारी, आरती कुमारी, पूनम एवं रिंकी उपस्थित रहीं। वहीं एम.एस. आदर्श महाविद्यालय की ओर से नवनीत कुमार मिश्रा एवं कंचन देवी भी भ्रमण में शामिल रहीं, जिन्होंने विद्यार्थियों का मार्गदर्शन किया।

विद्यालय प्रबंधन ने बताया कि इस प्रकार के शैक्षिक भ्रमण से विद्यार्थियों में वैज्ञानिक सोच के साथ-साथ ऐतिहासिक और सांस्कृतिक चेतना का भी विकास होता है। विद्यार्थियों ने इस भ्रमण को अत्यंत ज्ञानवर्धक, रोचक और प्रेरणादायक बताया।

Show More
Back to top button
error: Content is protected !!