
विद्युत हादसे में जान गंवाने वाले बाह्यस्रोत कर्मचारी के परिजनों को ₹5 लाख की बीमा सहायता
खरगोन, 21 जुलाई। मध्य प्रदेश पश्चिम क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी लिमिटेड में कार्यरत बाह्यस्रोत कर्मचारी स्वर्गीय विकास पाटीदार की ड्यूटी के दौरान हुई घातक विद्युत दुर्घटना में मृत्यु के बाद उनके परिजनों को ₹5 लाख की समूह दुर्घटना बीमा राशि प्रदान की गई।
प्रभारी कलेक्टर श्रीमती रेखा राठौड़ ने 20 जुलाई को सेवा प्रदाता कंपनी एम.जी.ए. डिजिटल वर्ल्ड वेब प्राइवेट लिमिटेड, दिल्ली द्वारा स्वीकृत ₹5 लाख का बीमा चेक मृतक के परिजनों को सौंपा। स्वर्गीय विकास पाटीदार कार्यपालन यंत्री खरगोन प्रथम के अंतर्गत बरूड़ वितरण केंद्र पर बाह्यस्रोत कर्मचारी के रूप में पदस्थ थे।
इस दौरान अधिकारियों ने शोक संतप्त परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए कहा कि यह सहायता राशि कठिन समय में परिवार के लिए सहारा बनेगी। साथ ही विद्युत कार्यों के दौरान सभी कर्मचारियों से सुरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन करने की अपील की गई, ताकि भविष्य में इस प्रकार की दुर्घटनाओं से बचा जा सके।





