
पांढुर्णा जिला समाचार | 21 जुलाई 2026
जनसुनवाई में 28 आवेदन, सड़क हादसे में 5 घायल, पौधारोपण अभियान और आबकारी की बड़ी कार्रवाई
पांढुर्णा, 21 जुलाई। जिले में मंगलवार को प्रशासनिक, सामाजिक और कानून-व्यवस्था से जुड़ी कई महत्वपूर्ण घटनाएं सामने आईं। कलेक्ट्रेट में आयोजित जनसुनवाई में नागरिकों की समस्याएं सुनी गईं, वहीं नागपुर-भोपाल राष्ट्रीय राजमार्ग पर भीषण सड़क हादसे में पांच लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। दूसरी ओर “एक पेड़ माँ के नाम” अभियान के तहत पौधारोपण किया गया तथा आबकारी विभाग ने अवैध शराब के खिलाफ कार्रवाई करते हुए 30 लीटर कच्ची शराब जब्त की।
जनसुनवाई में 28 आवेदन, त्वरित कार्रवाई के निर्देश

कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में आयोजित साप्ताहिक जनसुनवाई में अपर कलेक्टर श्रीमती ज्योति भलावे ने जिलेभर से प्राप्त 28 आवेदनों की सुनवाई की। स्वास्थ्य, राजस्व, पंचायत, नगरीय प्रशासन, पेयजल, प्रधानमंत्री आवास योजना, नामांतरण, अतिक्रमण, गोवंश तस्करी, मोहगांव जलाशय, भूमि विवाद, फसल नुकसान सहित विभिन्न जनहित के मामलों पर संबंधित अधिकारियों को समय-सीमा में गुणवत्तापूर्ण निराकरण के निर्देश दिए।
राजना हिवरा के पास भीषण सड़क हादसा, पांच गंभीर घायल

पांढुर्णा विकासखंड के ग्राम राजना हिवरा के पास नागपुर-भोपाल राष्ट्रीय राजमार्ग पर जोधपुर से नागपुर जा रही यात्री बस और स्विफ्ट कार की आमने-सामने जोरदार भिड़ंत हो गई। हादसे में कार सवार पांच लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी घायलों को पांढुर्णा जिला अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद नागपुर रेफर किया गया। बस में सवार सभी यात्री सुरक्षित बताए गए हैं। सूचना मिलते ही बड़ चिचोली पुलिस मौके पर पहुंची और यातायात सुचारु कर दुर्घटना की जांच शुरू की। दो दिनों में यह राष्ट्रीय राजमार्ग पर दूसरा बड़ा हादसा है।
‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान के तहत पौधारोपण

मध्यप्रदेश शासन के निर्देशानुसार ग्राम वाडेगांव की प्राथमिक शाला परिसर में “एक पेड़ माँ के नाम” अभियान के तहत पौधारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। विद्यार्थियों को पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया गया तथा जरूरतमंद विद्यार्थियों को निःशुल्क कॉपियों का वितरण भी किया गया। कार्यक्रम में जन अभियान परिषद एवं नवांकुर संस्था के पदाधिकारी और शिक्षक उपस्थित रहे।
अवैध शराब पर आबकारी विभाग की कार्रवाई

आबकारी विभाग ने सौंसर वृत्त के सांवगा, गोडीवडोना एवं जामलापानी गांवों में कार्रवाई करते हुए 30 लीटर हाथ भट्टी कच्ची शराब जब्त की। इस दौरान मध्यप्रदेश आबकारी अधिनियम के तहत तीन प्रकरण दर्ज किए गए। विभाग ने जिले में अवैध शराब के विरुद्ध अभियान लगातार जारी रखने की बात कही।





