
जिला कारागार का त्रैमासिक संयुक्त निरीक्षण संपन्न
जिला कारागार का त्रैमासिक संयुक्त निरीक्षण संपन्न

चित्रकूट 23 दिसंबर 2025
जिला कारागार का त्रैमासिक संयुक्त निरीक्षण संपन्न
वंदे भारत लाइव टीवी न्यूज़ जिला हेड चित्रकूट शिवसंपत करवरिया
जनपद चित्रकूट जिला जज शेष मणि शुक्ला, जिलाधिकारी पुलकित गर्ग एवं पुलिस अधीक्षक अरुण कुमार सिंह द्वारा जिला कारागार का त्रैमासिक संयुक्त निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान महिला बैरक, अस्पताल वार्ड, पाकशाला, हाई सिक्योरिटी बैरक तथा हाता संख्या 3, 4 एवं 5 का गहन अवलोकन किया गया।
निरीक्षण के क्रम में जिला जज द्वारा महिला बैरक में निरुद्ध महिला बंदियों से उनके खानपान, रहन-सहन एवं अन्य समस्याओं के संबंध में जानकारी प्राप्त की गई। इस दौरान उन्होंने निर्देशित किया कि महिला पेंशनरों पर विशेष ध्यान दिया जाए। महिला आवासीय परिसर के निरीक्षण के समय उन्होंने खिड़कियों पर मोटे तिरपाल लगाए जाने के निर्देश दिए, जिससे पर्याप्त वेंटिलेशन बना रहे।
तत्पश्चात निरीक्षण दल द्वारा अस्पताल वार्ड का निरीक्षण किया गया, जहाँ बंदी मरीजों से उनके स्वास्थ्य की स्थिति के संबंध में जानकारी ली गई। जिला जज द्वारा निर्देशित किया गया कि अस्पताल में आवश्यक दवाओं की निरंतर उपलब्धता सुनिश्चित की जाए।
निरीक्षण के दौरान जिला जज ने कारागार परिसर में कद्दू, लौकी, भिंडी आदि मौसमी सब्जियों की खेती किए जाने के निर्देश दिए, जिससे आत्मनिर्भरता को बढ़ावा मिल सके। पाकशाला के निरीक्षण के समय उन्होंने निर्देशित किया कि रसोईघर में स्वच्छता की समुचित व्यवस्था बनी रहे तथा निर्धारित मेनू के अनुसार ही भोजन उपलब्ध कराया जाए।
इसके उपरांत हाता संख्या 3, 4 एवं 5 का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के अंतर्गत बच्चा जेल का भी अवलोकन किया गया, जहाँ जिला जज द्वारा जेल अधीक्षक को निर्देशित किया गया कि बच्चा जेल में बच्चों के लिए खेल सामग्री की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।
निरीक्षण के दौरान कारागार की व्यवस्थाओं को और अधिक सुदृढ़ एवं मानवीय बनाए जाने हेतु आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए गए।















