

बंगलादेश में हिन्दुओं पर अत्याचार के खिलाफ फूंका पुतला, जमकर की नारेबाजी
बगरैन :- कस्बा बगरैन के मुख्य चौराहे पर गुरुवार को अंतरराष्ट्रीय हिन्दू परिषद और राष्ट्रीय बजरंग दल के विभागाध्यक्ष ठा अनिल सिंह राठौर ने अपने सभी कार्यकर्ताओं के साथ बंगलादेश में हिन्दुओं पर हो रहे भीषण अत्याचारों के विरोध में जोरदार प्रदर्शन किया। आक्रोशित कार्यकर्ताओं ने बंगलादेश के प्रधानमंत्री का पुतला दहन किया। विरोध प्रदर्शन के दौरान अंतरराष्ट्रीय हिन्दू परिषद और राष्ट्रीय बजरंग दल के कार्यकर्ता भारी संख्या में मुख्य चौराहे पर एकत्रित हुए। हाथों में झंडे और विरोध की तख्तियां लिए कार्यकर्ताओं ने बंगलादेश सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। प्रदर्शनकारियों का कहना था कि पड़ोसी देश में हिन्दुओं के घरों को जलाया जा रहा है और हमारी मां बहनों के साथ अभद्रता की जा रही है जिसे अब और बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। नारेबाजी के बीच कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन स्थल पर ही बंगलादेश के प्रधानमंत्री का पुतला फूंका।आग की लपटों के साथ कार्यकर्ताओं का आक्रोश भी सातवें आसमान पर दिखाई दिया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने संकल्प लिया कि वे विश्व स्तर पर हिन्दू समाज के हितों की रक्षा के लिए संघर्ष जारी रखेंगे। इस अवसर पर राष्ट्रीय बजरंग दल के जिला एवं खंड स्तर के पदाधिकारी तथा विश्व हिन्दू महासंघ के जिलाध्यक्ष प्रिंस देव शर्मा सहित दर्जनों कार्यकर्ता मौजूद रहे। सुरक्षा की दृष्टि से स्थानीय पुलिस बल भी मौके पर मुस्तैद रहा।








