
77वा गणतंत्र दिवस बड़ी धूम धाम से मनाया जायगा एस डी एम जगदीस चंद्र
नरवाना 8 जनवरी उपमंडल स्तर पर 77 वां गणतंत्र दिवस समारोह हर्षोल्लास एवं धूमधाम से मनाया जाएगा। उपमंडल स्तरीय गणतंत्र दिवस को सुचारू रूप से संपन्न करवाने के लिए एसडीएम जगदीश चंद्र की अध्यक्षता में महत्वपूर्ण बैठक संपन्न हुई। स्थानीय लघु सचिवालय स्थित सभागार में वीरवार को बुलाई गई इस बैठक में एसडीएम जगदीश चंद्र ने अधिकारियों को जिम्मेदारी सौंपी और गणतंत्र दिवस के सफल आयोजन के लिए समय रहते सभी तैयारियां पूरी करने के निर्देश दिए। एसडीएम जगदीश चंद्र ने बताया कि गणतंत्र दिवस को 26 जनवरी को नई अनाज मंडी मेला ग्राउंड में उपमंडल स्तरीय कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम की अंतिम फुल ड्रेस रिहर्सल आगामी 24 जनवरी को निश्चित स्थान व समय पर होगी। कार्यक्रम की तमाम व्यवस्थाओं के लिए नायब तहसीलदार नोडल अधिकारी होंगे, साथ ही अन्य विभागीय अधिकारियों को अलग-अलग जिम्मेदारियां दी गई। एसडीएम ने नई अनाज मंडी मेला ग्राउंड, नवदीप स्टेडियम, शहीद स्मारक तथा अन्य सभी ऐतिहासिक स्थानों पर सफाई व्यवस्था की जिम्मेदारी नगर परिषद तथा मार्केट कमेटी को संयुक्त रूप से शोपीं। सभा स्थल पर कुर्सी, टेटं तथा झंडा वगैरा की जिम्मेदारी भी उक्त विभागों की रहेगी, जबकि रंगोली बनाने का कार्य सीडीपीओ तथा स्टेज बनाने का कार्य पीडब्ल्यूडी, साइन बोर्ड बनाने का कार्य आईटीआई और सुलभ शौचालय की व्यवस्था जन स्वास्थ्य विभाग की निगरानी में होगी। एसडीएम ने 24 व 26 जनवरी दोनों दिन सभा स्थल पर जनरेटर, एंबुलेंस तथा फायर ब्रिगेड की व्यवस्था के लिए संबंधित विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिए। एसडीएम ने कार्यक्रम में झांकियां निकालने वाले विभागीय अधिकारियों को कहा की झांकियों का उद्देश्य एवं थीम सार्थक हो ताकि जनमानस में सरकार की उपलब्धियों का संदेश जाए। एसडीएम ने कहा कि गणतंत्र दिवस हमारा राष्ट्रीय पर्व है लिहाजा सभी इस त्यौहार एवं जश्न की तरह मनाएं। उन्होंने आमजन मानस से भी बढ़ चढ़-कर हिस्सा लेने का भी अनुरोध किया। एसडीएम ने सांस्कृतिक कार्यक्रम भी देशभक्ति एवं सामाजिक प्रेरणा के संदेश पर आधारित प्रस्तुत करने के लिए कहा। बैठक में नायब तहसीलदार रणवीर सिंह, एसएमओ डाक्टर देवेंद्र बिंदलिश, एसडीओ पब्लिक हेल्थ नवीन मुंडे, सचिव मार्केट कमेटी पूजा आरएफओ अश्वनी कुमार सहित अनेक अधिकारी व कर्मचारी मौजूद रहे।




