
मुख्यमंत्री वृंदावन ग्राम योजना का जिले में शुभारंभ, टेमला बना आदर्श ग्राम विकास की पहल का केंद्र
खरगोन 12 मार्च 2026। राज्य सरकार की अत्यंत महत्वाकांक्षी मुख्यमंत्री वृंदावन ग्राम योजना के अंतर्गत ग्रामीण अर्थव्यवस्था को सशक्त करने, गौपालन एवं डेयरी विकास को बढ़ावा देने तथा ग्रामों को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में जिले में प्रभावी पहल की जा रही है। योजना के तहत प्रत्येक जिले में 2000 से अधिक जनसंख्या एवं 500 से अधिक गोवंश वाले ग्रामों का चयन कर समग्र एवं सहभागी विकास सुनिश्चित किया जाना है।
कलेक्टर सुश्री भव्या मित्तल ने बताया कि खरगोन जिले में कुल 6 वृंदावन ग्रामों का चयन किया गया है। इन ग्रामों में समुदाय के प्रत्येक वर्ग के साथ चर्चा कर स्वास्थ्य, शिक्षा, स्वच्छता, आजीविका, प्राकृतिक खेती तथा पशुधन आधारित आय के स्रोतों को प्राथमिकता देते हुए कार्य योजना तैयार की जा रही है। साथ ही ग्राम एवं जल स्रोतों के सौंदर्यीकरण को स्वच्छता और आर्थिक सशक्तिकरण से जोड़कर विकास कार्य किए जाएंगे।
इसी क्रम में 12 मार्च को विकासखंड एवं तहसील खरगोन के चयनित वृंदावन ग्राम टेमला में ग्राम भ्रमण एवं सहभागी ग्रामीण अध्ययन की प्रक्रिया के अंतर्गत किशोरी बालिकाओं, महिलाओं एवं बच्चों के समूहों के साथ चर्चा कर प्रमुख मुद्दों का आकलन किया गया। इस दौरान विभिन्न विभागों के क्षेत्रीय अधिकारी, कर्मचारी एवं जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे। ग्राम भ्रमण एवं सामुदायिक चर्चा के पश्चात क्षेत्रीय विधायक श्री बालकृष्ण पाटीदार से भेंट कर प्रमुख बिंदुओं एवं प्रस्तावित कार्यवाहियों पर चर्चा की गई।
वृंदावन ग्राम कार्य योजना का औपचारिक शुभारंभ चयनित ग्राम टेमला से कलेक्टर सुश्री भव्या मित्तल, मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत श्री मिलिंद कुमार नागदेवे, अतिरिक्त मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री राजेश शाक्य की उपस्थिति में किया गया। कार्यक्रम में स्वयंसेवी संस्था के विषय विशेषज्ञों ने भी सहभागिता करते हुए तकनीकी मार्गदर्शन प्रदान किया।
योजना के अंतर्गत चयनित ग्रामों में गौशाला, सामुदायिक भवन, आंगनवाड़ी, स्वास्थ्य केंद्र, स्कूल, पक्की सड़कें, सोलर स्ट्रीट लाइट, बायोगैस संयंत्र, हर घर जल (सौर पंप), वर्कशेड, जैविक खेती एवं पशुपालन आधारित गतिविधियों के माध्यम से सतत एवं समग्र ग्राम विकास सुनिश्चित किया जाएगा।










