A2Z सभी खबर सभी जिले कीFinanceTechnologyअन्य खबरेधारमध्यप्रदेश

मुख्य कार्यपालन अधिकारी ने जनसुनवाई में आवेदकों की समस्याएं सुनीं

66 आवेदनों पर हुई सुनवाई, कई का मौके पर निराकरण

प्रति मंगलवार आयोजित होने वाली जनसुनवाई के अंतर्गत आज जिला पंचायत धार के सभाकक्ष में मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री अभिषेक चौधरी की अध्यक्षता में जनसुनवाई आयोजित की गई। जनसुनवाई में जिले के विभिन्न क्षेत्रों से आए नागरिकों द्वारा कुल 66 आवेदन प्रस्तुत किए गए।

मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री चौधरी ने जनसुनवाई के दौरान प्रत्येक आवेदक की समस्या को गंभीरता से सुना। इस दौरान कई आवेदनों का मौके पर ही निराकरण किया गया। शेष आवेदनों को संबंधित विभागीय अधिकारियों को अग्रेषित करते हुए समय-सीमा में त्वरित, पारदर्शी एवं गुणवत्तापूर्ण निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

जनसुनवाई में प्राप्त आवेदनों में कारम बांध से प्रभावितों को मुआवजा राशि दिलाने, भूखंडों से अतिक्रमण हटाने, प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ दिलाने, आर्थिक सहायता प्रदान करने, बिजली गिरने से गायों की मृत्यु होने पर सहायता राशि दिलाने, आवासीय पट्टा एवं मत्स्यपालन हेतु पट्टा दिलाने, सरदार सरोवर परियोजना के डूब प्रभावितों को मुआवजा एवं पट्टा दिलाने, आम रास्तों से अतिक्रमण हटाने, कोटवार के रिक्त पदों पर नियुक्ति तथा घुमक्कड़ एवं अर्द्धघुमक्कड़ जनजातियों से संबंधित समस्याओं के निराकरण से जुड़े आवेदन प्रमुख रूप से शामिल रहे।

मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री चौधरी ने कहा कि जनसुनवाई शासन की महत्वपूर्ण व्यवस्था है, जिसके माध्यम से आम नागरिक अपनी समस्याएं सीधे प्रशासन के समक्ष रख सकते हैं। प्रत्येक आवेदन का समय-सीमा में निराकरण प्रशासन की प्राथमिकता है। जनसुनवाई के दौरान विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

 

Back to top button
error: Content is protected !!