A2Z सभी खबर सभी जिले कीTechnologyअन्य खबरेझारखंडरांची

रमजान की पहली रात खलारी में सेवाई दुकान को लेकर विवाद, शहीद चौक बना पुलिस छावनी।।

"जनप्रतिनिधियों, बुद्धिजीवियों और प्रशासन की पहल से टला सांप्रदायिक तनाव"

रमजान की पहली रात खलारी में सेवाई दुकान को लेकर विवाद, शहीद चौक बना पुलिस छावनी।।

“जनप्रतिनिधियों, बुद्धिजीवियों और प्रशासन की पहल से टला सांप्रदायिक तनाव”

रिपोर्टर/राशीद अंसारी

खलारी। रमजान की शुरुआत की रात खलारी के शहीद चौक पर सेवाई की दुकान लगाने को लेकर शुरू हुआ आपसी विवाद अचानक बढ़ गया और कुछ देर के लिए क्षेत्र का माहौल तनावपूर्ण हो उठा। हालांकि स्थानीय प्रशासन, जनप्रतिनिधियों और बुद्धिजीवियों की सक्रियता से संभावित सांप्रदायिक तनाव को समय रहते नियंत्रित कर लिया गया।

“कैसे शुरू हुआ विवाद”

जानकारी के अनुसार, हुटाप निवासी आशिक रजा हर वर्ष रमजान के दौरान शहीद चौक पर सेवाई की दुकान लगाते हैं। इस वर्ष भी बुधवार को रमजान शुरू होने पर उन्होंने दुकान लगाई। रात करीब 10 बजे दुकान बंद करने के बाद कथित रूप से बिट्टू सिंह द्वारा दुकान की खूंटाबली उखाड़ दी गई। इस पर बादशाह रजा, राजा और आबिद रजा के साथ उनकी कहासुनी शुरू हो गई। स्थानीय लोगों के अनुसार, बिट्टू सिंह का कहना था कि उनकी दुकान के सामने अतिक्रमण नहीं होने दिया जाएगा। विवाद बढ़ने पर दोनों पक्षों के लोग जुट गए। इसी बीच बिट्टू सिंह के परिजनों ने राजन सिंह राजा को फोन कर सूचना दी कि बिट्टू के साथ मारपीट हो रही है। इसके बाद राजन सिंह राजा भी मौके पर पहुंचे।

“बढ़ा तनाव, हुई तोड़फोड़”

मौके पर धक्का-मुक्की और शोर-शराबे के बीच बड़ी संख्या में लोग इकट्ठा हो गए। भीड़ ने शहीद चौक पर एक समुदाय द्वारा लगाई गई कुछ अस्थायी दुकानों में तोड़ फोड़ कर दी। वहीं पुल के नीचे स्थित एक गैरेज में खड़े चारपहिया वाहनों के शीशे भी तोड़ दिए गए। कुछ ही देर में पूरा शहीद चौक का दृश्य बदल गया और इलाके में अफरा-तफरी मच गई।

“पुलिस ने संभाला मोर्चा”

घटना की सूचना मिलते ही खलारी पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए पूरे शहीद चौक को पुलिस छावनी में तब्दील कर दिया गया। रात भर पुलिस बल तैनात रहा। मौके पर अंचल अधिकारी प्रणव  अम्बष्ट , खलारी डीएसपी रामनारायण चौधरी, खलारी थाना प्रभारी सह इंस्पेक्टर जयदीप टोप्पो, चिकित्सा पदाधिकारी डॉक्टर ईरशाद अंसारी तथा बुढ़मू थाना प्रभारी  नवीन  कुमार शर्मा समेत अन्य पुलिस अधिकारी मौजूद रहे और हालात पर नजर बनाए रखी।

“सुबह भी जुटी भीड़, प्रशासन ने हटाया”

घटना की खबर फैलते ही गुरुवार सुबह बड़ी संख्या में लोग शहीद चौक पहुंचने लगे। प्रशासन ने तत्काल हस्तक्षेप करते हुए भीड़ को हटाया और स्थिति को नियंत्रण में रखा।

“प्रखंड सभागार में हुई शांति बैठक”

प्रशासन की पहल पर खलारी प्रखंड सभागार में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता कांके विधायक सुरेश कुमार बैठा ने की। बैठक में रांची जिला के पूर्व जिला संगठन सचिव जुल्फेकार अंसारी, जेएमएम जिला संयोजक अध्यक्ष मुस्ताक आलम, जेएमएम पूर्व युवा जिला अध्यक्ष धर्मेंद्र सिंह, जेएमएम मांडर प्रखंड अध्यक्ष रोशन तिग्गा सहित विभिन्न दलों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

इसके अलावा जिला परिषद सदस्य सरस्वती देवी, मजदूर नेता अब्दुल्ला अंसारी, धीरेन्द्र प्रसाद, व्यवसाय संघ के रत्न मिश्रा, कांग्रेस प्रखंड अध्यक्ष साबिर अंसारी, जेएमएम प्रखंड अध्यक्ष श्यामजी महतो, विधायक प्रतिनिधि मोनू रजक, इंदिरा देवी, राजन सिंह राजा, राजेश सिंह मिंटू, हारून रशीद उर्फ बुखारी, बशीर अंसारी, इम्तियाज अंसारी, फैयाज सिद्दीकी, अनिल पासवान सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे। बैठक में बिट्टू सिंह, बाबू खान, विक्की सिंह, अजमूल अंसारी, सरफराज खान, अशोक राम, अब्बास अंसारी, शाहनवाज आलम, मारुति देवी समेत क्षेत्र के अन्य लोग भी शामिल हुए।

“भाईचारे का संदेश”

बैठक में उपस्थित सभी वक्ताओं ने एक स्वर में कहा कि खलारी का इतिहास गंगा-जमुनी तहजीब और आपसी सौहार्द का रहा है। यहां कभी सांप्रदायिक माहौल खराब नहीं हुआ है और न ही आगे होने दिया जाएगा। सभी ने अफवाहों से बचने और शांति बनाए रखने की अपील की।

अंत में दुकानदार राजा और राजन सिंह राजा ने आपसी मतभेद भुलाकर एक-दूसरे को गले लगाया और विवाद समाप्त करने की घोषणा की। इसके साथ ही बैठक का समापन हुआ और क्षेत्र में शांति बहाल हुई। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि किसी भी प्रकार की अफवाह फैलाने वालों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

Check Also
Close
Back to top button
error: Content is protected !!