
आजमगढ़ जनपद के निजामाबाद तहसील क्षेत्र में तैनात लेखपाल रामदयाल त्रिपाठी को शनिवार को ₹10000 रिश्वत लेते एंटी करप्शन टीम ने तहबरपुर थाना परिसर के समीप से रंगे हाथ दबोच लिया। बताया जा रहा है कि शिकायतकर्ता सोंढरी गांव निवासी सत्यम राय से उपरोक्त लेखपाल के द्वारा पैमाइश तथा रिपोर्ट लगाने के नाम पर घूस की मांग की जा रही थी। कई महीनो से भाग दौड़ के बाद भी पीड़ित का कार्य नहीं हो रहा था। इसके बाद पीड़ित ने प्रयास सामाजिक संगठन से संपर्क किया। संगठन के लोगों के सहयोग से भ्रष्टाचार निवारण शाखा पर पीड़ित ने आवेदन किया। आवेदन मिलने के बाद भ्रष्टाचार निवारण शाखा ने औपचारिक कार्रवाई के बाद शनिवार को अपना जाल फैलाया और पीड़ित को उपरोक्त लेखपाल को रिश्वत देने के लिए बुलाने को कहा। जैसे ही लेखपाल ने रिश्वत पकड़ा तभी टीम के सदस्य अचानक से धमक पड़े और लेखपाल को दबोच लिए। कार्रवाई होते ही अफरा तफरी मच गई। इसके बाद अग्रिम कार्रवाई को लेकर भ्रष्टाचार निवारण शाखा के लोग थाना परिसर में पहुंचे। कार्रवाई की सूचना मिलते ही तहसील के अन्य लेखपालों में हड़कंप मच गया।