
पीलीभीत। खनौरी बॉर्डर पर डल्लेवाल का आमरण अनशन जारी है, डॉक्टरों ने मेडिकल बुलेटिन जारी कर कहा कि जगजीत सिंह डल्लेवाल का शरीर इस क्षति से उबर नहीं पाएगा। किसान नेताओं ने कहा कि आज किसान दिवस है जिस दिन हमारे देश में जय जवान, जय किसान का नारा दिया गया था और उसके बाद किसानों ने दिन-रात मेहनत करके देश को खाद्यान्न के मामले में आत्मनिर्भर बनाया लेकिन आज डल्लेवाल को आमरण अनशन करते हुए 28 दिन पूरे हो गए है, बावजूद इसके सरकार किसानों की बात सुनने को तैयार नहीं है और किसान दिवस के मौके पर किसानों का इससे बड़ा अपमान नहीं हो सकता।
सोमवार को पीलीभीत से किसानों का एक जत्था खनौरी बॉर्डर के लिए रवाना हो गया है, जिसमें बड़ी संख्या में किसान नेता शामिल हैं। किसान मजबूती से मोर्चे पर डटे हुए हैं और किसी भी स्थिति का सामना करने के लिए तैयार हैं।
मंगलवार 24 दिसंबर को शाम 5.30 बजे जगजीत सिंह डल्लेवाल के आमरण अनशन के समर्थन में देशभर में कैंडल मार्च निकाला जाएगा और सांकेतिक भूख हड़ताल की जाएगी। सोमवार को पीलीभीत, पूरनपुर से भारतीय किसान यूनियन (सयुंक्त मोर्चा) के पदाधिकारी जगजीत सिंह डल्लेवाल उनका समर्थन करने के लिए खनौरी बॉर्डर पर रवाना हुए।




