
सारणी – अटल स्मृति संकलन अभियान के अंतर्गत रविवार को भाजपा कार्यकर्ताओं ने पुराने जनसंघी डॉ बसन्त राय को सम्मानित किया। इस अवसर पर डॉ बसन्त राय ने अटल बिहारी बाजपेयी से जुड़ी स्मृतियों को साझा किया। अभियान की जानकारी देते हुए भाजपा जिला महामंत्री एवं अभियान के प्रभारी कमलेश सिंह ने बताया कि भारत के पूर्व
स्वर्गीय अटल बिहारी बाजपेयी जी जनशताब्दी वर्ष चल रहा है। यह अभियान अटल जी की स्मृतियों,चित्रों, पत्रों एवं विरासत को सहेजने का अभियान है एवं अटल जी के साथ राजनीति करने वाले वरिष्ठ जनों को सम्मानित भी किया जा रहा है।
इस अवसर पर भारतीय मजदूर संघ के राष्ट्रीय नेता रहे एवं पुराने जनसंघी डॉ बसन्त कुमार राय ने बताया कि सन 1980 में अटल जी का घोड़ाडोंगरी अंचल में प्रवास हुआ था। उनकी आगवानी करने वे इटारसी स्वयं गए थे। सम्भवतः नवम्बर का महीना था। जनता पार्टी के टूट जाने के बाद 6 अप्रैल 1980 को भारतीय जनता पार्टी की स्थापना हुई।इसी वर्ष पार्टी के लिए धन संग्रह अभियान को लेकर अटल जी प्रदेश के विभिन्न जिलों का प्रवास करने निकले थे। इसी क्रम में उनका घोड़ाडोंगरी सारनी में प्रवास हुआ था। इटारसी में रिसीव करने मैं स्वयं गया था। शाहपुर में ऐतेहासिक स्वागत हुआ था। घोड़ाडोंगरी में तुलसी राम अग्रवाल जी के यहाँ भोजन हुआ था। पाथाखेड़ा के फुटबॉल ग्राउंड में अटल जी की ऐतेहासिक सभा हुई थी।
अटल जी की यादों को साझा करते हुए डॉ राय ने बताया कि कोल नगरी के लिए यह ऐतेहासिक क्षण था। पाथाखेड़ा पहुंचने पर कोयला मजदूरों सहित आम नागरिकों ने उत्साहपूर्वक अटल जी का स्वागत किया। जगह जगह तोरण द्वार बनाए गये थे। पूरा स्टेडियम खचाखच भरा था कोयला श्रमिको सहित आसपास के ग्रामीण अंचलों से भी भारी संख्या में लोग अटल जी को सुनने पहुंचे थे। पाथाखेड़ा की सभा में लघु भारत का स्वरूप देखकर अटल जी अत्यंत प्रसन्न हुए थे। अपने भाषण में भी उन्होंने इसका जिक्र किया था। सभा के उपरांत वे बैतुल के लिए प्रस्थान कर गए जहाँ उन्हें सिक्कों से तौला गया। जिले के कार्यकर्ताओं की ओर से थैली भेंट की गई। अटल जी को भेंट करने के लिए सारनी पाथाखेड़ा क्षेत्र से भी सिक्के संग्रहित किये गए थे। डॉ राय ने अटल जी के कई रोचक संस्मरण सुनाए। इस अवसर पर मण्डल अध्यक्ष दीपक सिनोटिया,एमपीजीसीएल में विधायक प्रतिनिधि संजय अग्रवाल, वरिष्ठ नेता भरत सिंह, अजा मोर्चा जिला अध्यक्ष किशोर महोबे,महिला मोर्चा मण्डल अध्यक्ष सरोज विश्वकर्मा,शिबू सिंह,सुनील अग्रवाल,शिवा गुप्ता,कीरोन मण्डल,अमित मण्डल,राहुल वरदे, कैलाश मालवीय,राहुल सिंह सहित कई कार्यकर्ता मौजूद थे।