
गाजीपुर के सैदपुर थाना क्षेत्र में पुलिस ने एक महीने से भटक रहे 65 वर्षीय विद्याराम शर्मा को उनके परिजनों से मिलवाकर मानवता की मिसाल पेश की. प्रयागराज महाकुंभ में पत्नी से बिछड़ने के बाद वे बिना दिशा-ज्ञान भटकते रहे. पुलिस ने परिवार से संपर्क कर 17 मार्च को उन्हें सकुशल परिजनों को सौंप दिया.उत्तर प्रदेश के गाजीपुर जिले के सैदपुर थाना क्षेत्र में पुलिस ने एक भटकते बुजुर्ग को उनके परिवार से मिलवाकर मानवता की मिसाल पेश की है. यह बुजुर्ग लगभग 65 वर्षीय विद्याराम शर्मा हैं, जो मध्य प्रदेश के भिंड जिले के गोहद थाना क्षेत्र के बेलखारी गांव के निवासी हैं.
पुलिस के मुताबिक, 16 मार्च को वाराणसी-गाजीपुर हाईवे पर गश्त के दौरान एक बुजुर्ग दयनीय स्थिति में दिखे. पुलिस ने जब उनसे पूछताछ की, तो उन्होंने बताया कि वे प्रयागराज महाकुंभ मेले में अपनी पत्नी के साथ स्नान करने आए थे. लेकिन भीड़ में बिछड़ गए. उनके पास न कोई मोबाइल फोन था, न ही पैसे, जिसके कारण वे दिशा-ज्ञान खोकर भटकते रहे.




