
फिरोजाबाद में कैंडल मार्च निकालकर शहीदों को दी श्रद्धांजलि
फिरोजाबाद में सामाजिक संस्था जन कल्याण विकास समिति ने शहीद दिवस के अवसर पर वीर क्रांतिकारी भगत सिंह, राजगुरु और सुखदेव को श्रद्धांजलि अर्पित की। समिति के पदाधिकारियों और नागरिकों ने कैंडल मार्च निकालते हुए देश के अमर शहीदों को याद किया और उनकी मूर्तियों की स्थापना की मांग उठाई।
रविवार को फिरोजाबाद में जन कल्याण विकास समिति के नेतृत्व में अटल पार्क से लेकर कंपनी बाग चौराहे तक कैंडल मार्च निकाला गया। समिति के पदाधिकारियों ने हाथों में मोमबत्तियां जलाकर शहीद भगत सिंह, राजगुरु और सुखदेव को श्रद्धांजलि दी। इस दौरान प्रदेश महासचिव कृष्णमोहन चक्रवर्ती ने कहा कि 23 मार्च 1931 को अंग्रेजी हुकूमत ने इन तीनों वीर सपूतों को फांसी दे दी थी। उन्होंने बलिदान देकर देश की आजादी की नींव मजबूत की।
समिति के सदस्यों ने मांग की कि तीनों शहीदों की याद में फिरोजाबाद के प्रमुख चौराहे या पार्क में उनकी मूर्तियां स्थापित की जाएं। कुलदीप सिंह ने कहा कि शहीदों के संघर्ष और बलिदान को हमेशा याद रखा जाएगा। वहीं, सोनेश कुमार ने कहा कि भारत का स्वतंत्रता संग्राम केवल राजनीतिक संघर्ष नहीं था, बल्कि यह लाखों क्रांतिकारियों के बलिदान, त्याग और साहस की अमर गाथा है।
इस दौरान लोगों ने “इंकलाब जिंदाबाद,भगत सिंह अमर रहें,राजगुरु अमर रहें,और सुखदेव अमर रहें, के नारों के साथ शहीदों को नमन किया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में नागरिक और समिति के पदाधिकारी मौजूद रहे।












